धालभूमगढ़ : धालभूमगढ़ प्रखंड की जुगीशोल पंचायत के तीलाबनी गांव के सबर मंगलवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचे और बिरसा आवास पूरा कराने के लिए प्रखंड प्रमुख लीला सिह को मांग पत्र सौंपा. मांग पत्र में कहा गया है कि तीलाबनी में 13 बिरसा आवासों की स्वीकृति मिली है.
लगभग 6 माह पहले आवासों का निर्माण शुरू हुआ था. आज भी कई आवास अधूरे हैं. इंदिरा आवास निर्माण का कार्य चेतन मुमरू करा रहा है. सबरों ने आवास निर्माण में कितनी राशि का उठाव हुआ है. इसकी भी जानकारी उन्हें दी गयी है. आवास निर्माण का काम आधा हो चुका है. चेतन मुमरू ने बताया कि आवास निर्माण लाभुक कर रहे हैं. कच्चे सामग्री की आपूर्ति वह कर रहा है.
आवास निर्माण के रूप में अभी तक 39 हजार रुपये की निकासी हुई है. उसने कहा कि आवास का निर्माण एफ लेबल तक हुआ है. प्रमुख लीला सिंह भी आवास का भौतिक निरीक्षण कर चुकी हैं. मांग पत्र में खोकन, सूना सबर, लखिंद्र सबर, गोविंद सबर के अंगूठे के निशान हैं.
बीडीओ अजय भगत ने दूरभाष पर कहा कि काम अभी शुरू हुआ है. प्रति लाभुक 39 हजार रुपये का उठाव कर चुके हैं. कार्य प्रगति पर है. फंड है. आवासों का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जायेगा.
