गोइलकेरा : श्रवणी मेले की शुरुआत 22 जुलाई से होने जा रही है. इसको लेकर चक्रधरपुर के वाणिज्य निरीक्षक एके राय ने सोमवार को रेलवे टिकट काउंटर का निरीक्षण किया. महादेवशाल मंदिर में मेले को लेकर एक माह तक ट्रेनों के अस्थायी ठहराव को लेकर श्री राय ने धाम में स्थित रेल टिकट काउंटर का जायजा भी लिया.
रेल टिकट घर की मरम्मती करायी गयी है. उसका जीर्णोद्धार किया गया है. उन्होंने छत से पानी के रिसाव को देखते हुए फिर से मरम्मती कराने को कहा. श्री राय ने कहा की टिकट घर में श्रवण माह से पूर्व रेल की ओर से फ्लैक्स भी लगाये जायेंगे. जिससे श्रद्धालुओं को टिकट घर ढूंढ़ने में दिक्कत ना हो. उन्होंने कहा की इस बार भी रेल की ओर से सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेगी.
महादेवशाल सेवा समिति के सदस्यों ने श्री राय से दो दिन की जगह सप्ताह में तीन दिन ट्रेन के ठहराव की मांग की है. हर वर्ष कुछ स्पेशल ट्रेनें रविवार व सोमवार को ही धाम के समीप रुकती थी.
समिति ने इस वर्ष शनिवार से ही तीन दिनों की ट्रेन के ठहराव की मांग की है जिसके लिए श्री राय ने समिति को आवेदन देने को कहा है. दो अतिरिक्त ट्रेन के ठहराव की भी मांग की गयी है. इस दौरान समिति के पुजारी मनोज तिवारी, मीडिया प्रभारी तारिक, कोषाध्यक्ष आदि लोग मौजूद थे.
