मुसाबनी : केंद्रीय विद्यालय सुरदा के विद्यार्थी और केवी अभिभावक संघ के सदस्य केवी सुरदा को बंदी से बचाने के लिए जुलूस की शक्ल में सीएम हेमंत सोरेन की सभा में पहुंचे. मेरियम राय चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल सीएम हेमंत सोरेन को मांग पत्र सौंप कर केवी सुरदा को बंदी से बचाने की गुहार लगायी.
विद्यार्थी अपने हाथ में स्कूल बचाओ, भविष्य बचाओ, स्कूल बंद कर हमारा भविष्य बर्बाद मत करो, शिक्षा नहीं, तो वोट नहीं के नारे लिखे बैनर और तख्तियां लिए हुए थे. कुछ विद्याथी सीएम के मंच के पास नारे लिखे हुए तख्तियां लेकर मंच के करीब खड़े हो गये.
सीएम के इशारे पर विधायक रामदास सोरेन ने इन बच्चों को मंच के समीप नारे लिखे तख्ती लेकर खड़े होने से मना किया. सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि केवी सुरदा को बंदी से बचाने का ज्ञापन मिला है. वे खुद भी केवी के विद्यार्थी रहे हैं. चुनाव के बाद आचार संहिता खत्म होते ही वे केवि सुरदा के मामले का समाधान करेंगे.
