घाटशिला : केंद्रीय विद्यालय सुरदा को केंद्रीय विद्यालय संगठन नयी दिल्ली ने एक अप्रैल 2014 से क्लोज करने का आदेश दिया है. इस आदेश के बाद से अभी भी स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों के बीच सस्पेंश बरकरार है. स्कूल में 802 विद्यार्थी हैं. अगर केवी सुरदा में क्लोजर लगता है, तो स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का भविष्य बर्बाद हो जायेगा. वहीं केवी सुरदा के भवन को सीपीडब्ल्यू ने असुरक्षित कहते हुए स्कूल के समानों को टाटानगर स्कूल में शिफ्ट करने का आदेश दिया था.
सामान नहीं भेजे गये टाटा
केवी सुरदा के भवन को असुरक्षित कहते हुए केवी संगठन ने टाटानगर में सामानों को शिफ्ट करने का आदेश दिया है, परंतु केवी सुरदा से एक भी बेंच जमशेदपुर नहीं भेजा गया है.
विद्यार्थियों ने नहीं लिया टीसी
केवी सुरदा के विद्यार्थियों ने सोमवार को तीसरे दिन भी स्कूल स्थानांतरण प्रमाण पत्र नहीं लिया. स्कूल के कर्मचारी विद्यार्थियों के स्थानांतरण प्रमाण पत्र बनाने में जुटे हैं. प्राचार्य श्री मुंडू का कहना है कि उन्हें अगर टीसी देने का आदेश मिलता है, तो वे विद्यार्थियों को टीसी देंगे. टीसी बना कर तैयार रखा गया है, ताकि किसी विद्यार्थी को टीसी के लिए स्कूल का चक्कर नहीं लगाना पड़े.
