दलाही में अवैध संबंध के शक में युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी फरार

झारखंड के मसलिया में अवैध संबंध के शक में एक युवक की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई है. पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है.

दलाही: मसलिया थाना क्षेत्र के जामजुड़ी गांव में कथित अवैध संबंध के शक में एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. मृतक की पहचान बड़ा चपूड़िया गांव निवासी जॉन देवराज दत्ता (40) के रूप में हुई है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, जॉन देवराज दत्ता का फतेहपुर थाना क्षेत्र के आगेया गांव निवासी सुभाष मुर्मू की पत्नी पानमुनी पावरिया के साथ कथित अवैध संबंध होने का शक था. बताया जाता है कि शुक्रवार रात सुभाष मुर्मू, उसकी पत्नी पानमुनी पावरिया और देवराज दत्ता जामजुड़ी गांव में अपने रिश्तेदार विनोद हेम्ब्रम के घर पहुंचे थे. वहां सभी ने साथ बैठकर खाना खाया और रात में वहीं ठहरे.

शनिवार सुबह तड़के अचानक घर के अंदर से शोर सुनाई दिया. जब परिजन पहुंचे तो देवराज दत्ता खून से लथपथ गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिला, जबकि आरोपी सुभाष मुर्मू मौके से फरार हो चुका था. ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से घायल देवराज को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका भेजा. हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पिता के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी

मृतक के पिता डॉ बिराज तरुण कुमार दत्ता के लिखित बयान पर पुलिस ने कांड संख्या 42/26 दर्ज की है.उन्होंने आरोप लगाया है कि उनका पुत्र रात में विनोद हेम्ब्रम के घर सुभाष मुर्मू और उसकी पत्नी के साथ भोजन करने के बाद सो गया था. शनिवार सुबह करीब छह बजे सुभाष मुर्मू ने सोए हुए देवराज पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी.प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि विनोद हेम्ब्रम की पत्नी तथा पानमुनी पावरिया ने आवाज सुनकर बाहर आने पर सुभाष मुर्मू को घटनास्थल से भागते हुए देखा.

हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया.पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी सुभाष मुर्मू की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मिलन कुमार साधु

मिलन कुमार साधु वर्ष 2010 से प्रभात खबर से जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत मसलिया प्रखंड के दलाही प्रतिनिधि के रूप में की थी. वर्तमान में वे प्रभात खबर के मसलिया प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं. सामाजिक, प्रशासनिक, राजनीतिक, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनसरोकार से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के संकलन एवं प्रकाशन में उनकी विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >