स्कूल में ताला, दरवाजे पर करा दी वेल्डिंग; दुमका में ग्रामीणों का अनोखा विरोध

रा‌नीश्वर में स्कूल संचालिका पर बच्चों का खाना ले जाने का आरोप. शिक्षकों की लापरवाही पर ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, स्कूल में लगाया ताला.

प्रतिनिधि, रानीश्वर. दुमका जिले के रानीश्वर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय लकड़ाघाटी में ग्रामीणों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा. ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया. इतना ही नहीं, दरवाजा दोबारा नहीं खोला जा सके, इसके लिए उसे वेल्डिंग कर जाम कर दिया गया. ग्रामीणों ने स्कूल के कार्यालय कक्ष, रसोईघर और स्टोर रूम के दरवाजे पर भी वेल्डिंग करा दी.

बचा खाना और राशन ले जाने पर भड़का विवाद

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को स्कूल की छुट्टी से पहले बच्चों के लिए तैयार बचा हुआ खाना, चावल और अन्य सामग्री लेकर संयोजिका घर जा रही थी. आसपास के ग्रामीणों ने उसे रोक लिया. इसके बाद मामला बढ़ गया और ग्रामीणों ने स्कूल में हंगामा शुरू कर दिया. ग्रामीणों का आरोप था कि स्कूल की सामग्री घर क्यों ले जायी जा रही थी.

शिक्षकों पर पढ़ाई में लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल में पदस्थापित तीनों शिक्षकों पर भी गंभीर आरोप लगाये. उनका कहना है कि तीनों शिक्षक स्थानीय गांव के ही रहने वाले हैं, लेकिन बच्चों की पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता. ग्रामीणों के अनुसार, शिक्षकों की कार्यशैली से नाराज कुछ अभिभावकों ने अपने बच्चों का नामांकन दूसरे स्कूलों में करा दिया है.

अभिभावकों ने कहा कि जब तक तीनों शिक्षकों समेत स्कूल में व्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों को नहीं हटाया जाता, तब तक स्कूल में ताला लगा रहेगा.

हाजिरी को लेकर भी ग्रामीणों ने उठाये सवाल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल में प्रतिदिन जितने बच्चे उपस्थित होते हैं, उससे अधिक बच्चों की हाजिरी बनायी जाती है. बच्चों ने भी स्कूल की व्यवस्था को लेकर कई शिकायतें कीं. उनका कहना है कि स्कूल में नियमित रूप से प्रार्थना नहीं करायी जाती. स्कूल पहुंचने के बाद हाजिरी बनाने के बजाय छुट्टी के समय हाजिरी बनाये जाने का भी आरोप लगाया गया.

बच्चों ने यह भी बताया कि मध्याह्न भोजन में कभी-कभी सब्जी-भात के बजाय मूढ़ी और दालमठ परोसा जाता है.

यह भी पढ़ें:

जमीन धंसी तो थमी ट्रेनों की रफ्तार: न्यू फरक्का में 14 ट्रेनें रद्द, देखें पूरी लिस्ट

एक भी सरकारी शिक्षक नहीं, तीनों पारा शिक्षक

उत्क्रमित मध्य विद्यालय लकड़ाघाटी में कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई होती है. जानकारी के अनुसार, स्कूल में एक भी सरकारी शिक्षक पदस्थापित नहीं है. यहां तीनों शिक्षक पारा शिक्षक हैं. शुक्रवार को स्कूल में अवकाश होने के कारण नामांकित और उपस्थित बच्चों की संख्या की जानकारी नहीं मिल सकी.

रसोईघर में ताला के साथ किया गया वेल्डिंग | Prabhat Khabar Network

बीआरपी ने की जांच, आगे कार्रवाई का भरोसा

मामले की जानकारी मिलने के बाद बीआरपी अवधेश कुमार स्कूल पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन की. उन्होंने स्कूल में ताला लगाये जाने और दरवाजों पर वेल्डिंग किये जाने की पुष्टि की.

बीइइओ सह बीआरसी समन्वयक एस्थेर मुर्मू ने कहा कि स्कूल में ताला जड़ने की सूचना मिली है. दरवाजों पर वेल्डिंग किया जाना भी गलत है. मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि स्कूल में ताला लगाना और वेल्डिंग करना गैरकानूनी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >