रामगढ़ में रोड बना रही कंपनी के पानी टैंकर की चपेट में दो महिलाओं की मौत

पानी के टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी. अचानक लगी टक्कर से महिलाएं बाइक से सड़क पर गिर गयी. सड़क पर जा रही महिलाओं को टैंकर ने कुचल दिया.

रामगढ़. रविवार की शाम के लगभग छह बजे रामगढ़ थाना क्षेत्र के कारूडीह पंचायत के झांझर गांव में सड़क निर्माण कर रही कंस्ट्रक्शन कंपनी के पानी के टैंकर से कुचल कर दो महिलाओं की मौत हो गयी है. मृतक महिलाओं की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के कंजवे पंचायत के केंद खेपरा निवासी भगत मुर्मू की पत्नी 65 वर्षीय संझली बास्की तथा केंद खेपरा के ही स्व. सुनील मुर्मू की पत्नी 60 वर्षीय बाहामुनी हेम्ब्रम के रूप में हुई है. दोनों महिलाएं आपस में गोतनी थी. तीन दिन पूर्व वे दोनों संझली बास्की के पुत्र दीपक मुर्मू की ससुराल झांझर एक पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गयी थी. दीपक की ससुराल में कराम पूजा का आयोजन किया गया था. इसी पूजा में शामिल होने के लिए दोनों महिलाएं बेटे की ससुराल गयी थी. रविवार की शाम को वे दोनों दीपक के भाई सुरेंद्र मुर्मू के साथ बाइक से झांझर से अपने घर केंद खेपरा आने के लिए निकली थी. इसी बीच झांझर ठाकुर टोला मोड़ के पास रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी के पानी के टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी. अचानक लगी टक्कर से महिलाएं बाइक से सड़क पर गिर गयी. सड़क पर जा रही महिलाओं को टैंकर ने कुचल दिया. इससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गयी. जबकि बाइक का चालक सुरेंद्र मुर्मू सड़क के दूसरी तरफ गिर जाने के कारण बाल-बाल बच गया. दुर्घटना स्थल पर जुटे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पानी का टैंकर ट्रैक्टर में लगा हुआ था. पानी का टैंकर रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी मेसर्स हरिनंदन चौधरी का बताया जा रहा है. दुर्घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने रामगढ़ थाने को मामले की सूचना दी. साथ ही मृतक महिलाओं के परिजनों को भी सूचना दी गयी. सूचना के बाद दुर्घटना स्थल पर पहुंची रामगढ़ थाना पुलिस को ग्रामीणों ने महिलाओं का शव उठाने से रोक दिया. ग्रामीण तथा मृतक महिलाओं के परिजन कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक को दुर्घटना स्थल पर बुलाने, कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक को मृतक महिलाओं के परिजनों को मुआवजा देने तथा पानी टैंकर के चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. समाचार भेजे जाने तक पुलिस अधिकारी ग्रामीण एवं मृतक महिलाओं के परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे थे. रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी के पानी टैंकर द्वारा सड़क दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत की पुष्टि रामगढ़ थाना प्रभारी ने की है. क्या कहते हैं थाना प्रभारी : झांझर में रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी के टैंकर द्वारा दुर्घटना में दो महिलाओं के मौत की सूचना है. मृतक महिलाओं के परिजन एवं ग्रामीण कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक को घटना स्थल पर बुलाने तथा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा मृतक महिलाओं के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे हैं. उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद है. मृतक महिलाओं के परिजनों के आवेदन के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधि समस्त अग्रतर कार्रवाई की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >