बेटे की जान को खतरा कहकर डराया, 51 कदम चलवाकर दुमका में 10 लाख के जेवर ले उड़े ठग

दुमका में ठगों ने महिला को 51 कदम चलने का झांसा देकर 10 लाख रुपये के जेवर और मोबाइल लूट लिए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश कर रही है.

संवाददाता, दुमका: दुमका शहर में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. ठगों ने पहले एक महिला को डराया, फिर खुद को मददगार बताकर भरोसे में लिया और अंत में उसी के हाथों करीब 10 लाख रुपये के जेवर बैग में रखवाकर फरार हो गये.

भागलपुर रोड निवासी ऊषा सिंघानिया शुक्रवार दोपहर अपनी पोती को होली चाइल्ड स्कूल से लेने पहुंची थीं. इसी दौरान दो बाइक से पहुंचे चार युवकों ने उन्हें निशाना बनाया. ठग महिला के जेवर और मोबाइल लेकर फरार हो गये.

घटना की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पहले डराया, फिर परिवार पर संकट टलने का भरोसा दिलाया

महिला के अनुसार, स्कूल के सामने एक युवक ने उन्हें रोककर माथे की लकीरें देखने की बात कही. युवक ने दावा किया कि कुछ ही समय में उनके साथ बड़ी अनहोनी होने वाली है और उनके बेटे की जान को खतरा है.

इसके बाद युवक ने महिला से एक घूंट पानी मांगा. महिला ने पानी खरीदकर उसे पिला दिया.

इसी दौरान दूसरा युवक वहां पहुंचा और पहले युवक से अनजान बनकर बातचीत करने लगा. उसने महिला से कहा कि उसके कहने पर उसे हनुमान जी के दर्शन हुए हैं और अब उनके परिवार पर कोई संकट नहीं है.

दोनों युवकों की बातों में आकर महिला ने उन पर भरोसा कर लिया.

पहले दो हजार रुपये का खेल, फिर उतरवाये लाखों के जेवर

ठगों ने महिला को विश्वास में लेने के लिए पहले अपने ही साथी की जेब से दो हजार रुपये निकलवाकर महिला के बैग में रखवाये.

इसके बाद उस युवक को 'नमो नारायण' का जाप करते हुए 51 कदम चलाया गया. 51 कदम पूरा करने के बाद उसे रुपये वापस दे दिये गये.

इस पूरी प्रक्रिया से महिला का भरोसा और मजबूत हो गया. इसके बाद ठगों ने असली खेल शुरू किया.

अंगूठी, चेन और चूड़ियां उतरवाकर बैग में रखवायीं

ठगों ने महिला से दोनों अंगूठियां, भारी चेन और दोनों हाथों की चूड़ियां उतरवा लीं. महिला ने अपने जेवर बैग में रख दिये.

इसके बाद बैग ठग के साथी को दे दिया गया. फिर महिला से भी 51 कदम चलने को कहा गया.

महिला ठगों की बात मानकर 51 कदम चलने लगीं.

51 कदम बाद लौटीं तो बैग ही गायब

महिला जैसे ही 51 कदम चलकर वापस लौटीं, दोनों युवक बैग लेकर फरार हो चुके थे.

बैग में करीब 10 लाख रुपये के जेवर और मोबाइल था. ठगी का अहसास होते ही महिला ने पुलिस को सूचना दी.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश

नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि घटना स्कूल की छुट्टी के समय हुई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी पहचान की जा रही है. घटना के बाद जिले के सभी थानों को भी सतर्क किया गया है.

पुलिस अब आरोपियों की पहचान के साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर भी नजर रख रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Jayswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >