बासुकिनाथ आने वाले श्रद्धालुओं की हर जरूरी सुविधाओं का रखा जाएगा ध्यान

डीसी ने श्रावणी मेला 2025 के सफल संचालन को लेकर अधिकारियों के संग बैठक की. कहा, श्रावणी मेला में बिजली, पानी, साफ-सफाई व प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जायेगी.

बासुकिनाथ. राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2025 के सफल संचालन को लेकर बुधवार को डीसी आंजनेयुलु दोड्डे व एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने अधिकारियों के संग मंदिर प्रशासनिक सह संस्कार भवन सभागार में समीक्षा बैठक की. आगामी 11 जुलाई से श्रावणी मेला शुरू हो रहा है. डीसी ने कहा कि श्रावणी माह में देवतुल्य श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक जलार्पण कराना पहली प्राथमिकता होगी. विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ घूम-घूम कर मेला क्षेत्र में तैयारी को लेकर जायजा लिया. पथ निर्माण विभाग, पीएचईडी, विद्युत विभाग, भवन निर्माण विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारियों से बारी-बारी कार्य इस्टीमेट बनाने का निर्देश दिया. कहा कि मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र में विद्युत वायरिंग का कार्य दुरुस्त ससमय कर लें. डीसी ने कहा कि सभी अधिकारी मिलकर सुगम व्यवस्था करें जिससे जो भी श्रद्धालु सावन माह में जलार्पण के लिए आयें, वे सभी सुखद अनुभूति के साथ अपने घर लौटें. इस बार मेला क्षेत्र में नयापन नजर आना चाहिए. इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर अपना कर्तव्य निभाएं. मंदिर में एसी, सीसीटीवी व बिजली संबंधित सभी तरह के कार्य अविलंब पूरा करा लेने की बात कही. आने वाले श्रद्धालुओं के आवासन के लिए पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुफ्त टेंट सिटी का निर्माण किया जायेगा. यहां उनके लिए शौचालय, अस्थायी अस्पताल की व्यवस्था होगी. जलार्पण काउंटर पर पाइपलाइन का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया. कांवरिया पथ में पेयजल की व्यवस्था करने की बात कही. डीसी ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को शिवगंगा की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया. शिवगंगा से गंदा पानी निकालकर पाइप लाइन से पानी डालने का निर्देश दिया. कहा कि अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था मेला क्षेत्र में रहे ताकि विपरीत परिस्थिति में आसानी से निपटा जा सके. प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को भी अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिया जाय. उन्होंने कहा कि रूटलाइन की बैरिकेडिंग का कार्य मजबूती के साथ की जाय. बैरिकेडिंग करने वाले सभी महत्वपूर्ण स्थलों को चिह्नित कर लिया जाय. इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाय. उन्होंने कहा कि जलार्पण काउंटर के माध्यम से भी पूरे मेला अवधि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलार्पण करते हैं, इसे ध्यान में रखते हुए जलार्पण काउंटर को बेहतर ढंग से बनाया जाय. बासुकिनाथ में पुलिस बैरक निर्माण हो : अभयकांत पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद ने श्रावणी मेले में पुलिस बैरक निर्माण को लेकर उपायुक्त से आवश्यक पहल करने की बात कही. कहा कि श्रावणी मास के दौरान विभिन्न जिलों से आनेवाले सुरक्षाबलों के आवासन में दिक्कत होती है. वहीं पूर्व सांसद ने नोनीहाट से बासुकिनाथ तक कांवरिया पथ में लाइटिंग की विशेष व्यवस्था कराने की जरूरत पर जोर दिया. कहा कि भागलपुर बरारी घाट से इस रूट में कांवरियों का आवागमन लगा रहता है. डीसी ने इस पर प्रस्ताव तैयार कर सरकार के पास भेजने की बात कही. मेला क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया जायेगा : डीसी ने सख्त निर्देश देते हुए श्रावणी मेला क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया. कहा कि श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त करायें. किसी भी हाल में सड़क पर दुकानें नहीं लगेंगी. सभी विभागों को आपस में समन्वय बनाकर कार्य करने की जरूरत है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जायेंगे. डीसी ने कहा कि विद्युत विभाग मंदिर व मेला क्षेत्र में प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे. मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखें : डीसी ने श्रावणी मेला क्षेत्र में साफ-सफाई को लेकर बेहतर व्यवस्था करने का निर्देश दिया. अविलंब सभी तरह की निविदा निकालकर कार्य निष्पादन कराने का सख्त निर्देश दिया गया. इसके लिए नपं प्रशासक अजमल हुसैन को सख्त निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कांवरिया रूटलाइन की पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कर लिया जाय. साथ ही अगर आवश्यकता हो तो नए चापानल भी अधिष्ठापित किये जायें. बैठक में मौके पर एसी राजीव कुमार झा, परियोजना निदेशक आइटीडीए, सीएस बच्चा सिंह, मंदिर प्रभारी सह बीडीओ कुंदन भगत, सीओ संजय कुमार, एसडीपीओ अमित कच्छप, नपं प्रशासक अजमल हुसैन, पुलिस निरीक्षक श्यामानंद मंडल, कार्यपालक अभियंता, प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डॉ सुनील कुमार सिंह सहित सभी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rakesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >