दुमका. उपराजधानी में पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. कभी घंटों बिजली गुल रह रही है, तो कभी हाइ वोल्टेज से लोगों के घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो रहे हैं. लगातार बढ़ रही परेशानी से नाराज लोगों और विद्यार्थियों ने सोमवार को स्टेशन रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. सड़क जाम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में कभी अत्यधिक वोल्टेज तो कभी लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है. इसके कारण पंखा, मोटर, फ्रिज, टीबी समेत कई घरेलू उपकरण जल चुके हैं. कम वोल्टेज के कारण सामान्य कामकाज भी प्रभावित हो रहा है. लोगों का कहना है कि संबंधित क्षेत्र का ट्रांसफॉर्मर भी खराब हो चुका है, जिससे समस्या और गंभीर हो गयी है. मोहल्लावासियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग को कई बार फोन और लिखित आवेदन के माध्यम से समस्या की जानकारी दी गयी, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं की गयी. विभागीय लापरवाही से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभाग समय पर बिजली बिल वसूलता है, लेकिन उपभोक्ताओं को नियमित और सुरक्षित बिजली आपूर्ति देने में विफल साबित हो रहा है. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया और खराब हुए उपकरणों के नुकसान को लेकर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र किया जायेगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है. ऐसे में अब जनता जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है.
बिजली संकट से नाराज लोगों ने किया रोड जाम
वोल्टेज की समस्या से घरेलू उपकरण जलने का आरोप, आंदोलन की चेतावनी
