प्रतिनिधि, मसलिया/दलाही
मसलिया थाना क्षेत्र के जामजुड़ी गांव में अवैध संबंध के शक में एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गयी. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. मृतक की पहचान बड़ा चपूड़िया गांव निवासी जॉन देवराज दत्ता (40) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, देवराज का फतेहपुर थाना क्षेत्र के आगेया गांव निवासी सुभाष मुर्मू की पत्नी पानमुनी पावरिया के साथ अवैध संबंध होने का शक था. बताया जाता है कि शुक्रवार रात सुभाष मुर्मू, उसकी पत्नी पानमुनी पावरिया जामजुड़ी गांव में अपने रिश्तेदार विनोद हेंब्रम के घर गये थे. इनके साथ देवराज दत्ता भी गया था. वहां सभी ने साथ बैठकर भोजन किया और रात में वहीं ठहरे. शनिवार तड़के अचानक घर के अंदर से शोर सुनायी दिया. परिजन पहुंचे तो देवराज खून से लथपथ पड़े थे, जबकि सुभाष मुर्मू मौके से फरार हो चुका था. ग्रामीणों ने घायल देवराज को एंबुलेंस से इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका भेजा. हालांकि, अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज
मृतक के पिता डॉ बिराज तरुण कुमार दत्ता के लिखित बयान पर मसलिया थाना में कांड संख्या 42/26 दर्ज किया गया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उनका पुत्र रात में विनोद हेंब्रम के घर सुभाष मुर्मू और उसकी पत्नी के साथ भोजन करने के बाद सो गया था. शनिवार सुबह करीब छह बजे सुभाष मुर्मू ने सोये हुए देवराज पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. प्राथमिकी में यह भी उल्लेख है कि विनोद हेंब्रम की पत्नी और पानमुनी पावरिया ने आवाज सुनकर बाहर आने पर सुभाष मुर्मू को घटनास्थल से भागते हुए देखा.
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी सुभाष मुर्मू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है. साथ ही घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
