सख्ती. निर्माण कार्य में विलंब करनेवाले संवेदक पर दंड लगाने का निर्देश

संवेदक एवं कनीय अभियंता को ससमय भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निदेश दिया गया.

दुमका. उप विकास आयुक्त सह जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा ने बुधवार को जिला परिषद् के फंड से निर्माणाधीन भवनों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान दुर्गा स्थान के सामने जिला परिषद् के जमीन पर निर्माणाधीन बहु-उद्देशीय भवन, जिला परिषद् कार्यालय के पश्चिमी छोर पर गांधी मैदान के सामने निर्माणधीन मार्केट कॉम्पलेक्स एवं जिला परिषद के उत्तरी छोर पर निर्माणाधीन बहु-उद्देशीय भवन के निर्माण कार्यों का जायजा लिया गया. दुर्गा स्थान के सामने बन रहे बहु-उद्देशीय भवन को एक माह के अन्दर पूर्ण करने तथा कार्य में विलम्ब होने के कारण संवेदक पर दण्ड शुल्क लगाने का निदेश दिया गया. उक्त निर्माणाधीन भवन के पूरब की ओर स्थित जर्जर भवन का पता लगाने एवं यदि वह जर्जर भवन सरकारी है तो उसको ध्वस्त करने की कार्रवाई हेतु निदेश दिया गया. जिला परिषद् के पश्चिमी एवं उत्तरी छोर पर निर्माणाधीन भवनों के निर्माण कार्य के निरीक्षण के क्रम में संवेदक एवं कनीय अभियंता को ससमय भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निदेश दिया गया. जिला परिषद् के कार्यालय परिसर में खराब एवं जर्जर हो चुके उपकरणों का नियमानुसार नीलामी कराने का निदेश जिला परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया. इसी क्रम में उप विकास आयुक्त ने जिला परिषद कार्यालय का भी निरीक्षण किया और सभी कर्मियों के सर्विस बुक, उनके द्वारा संधारित संचिका, अभिलेख आदि की जांच की गई तथा सभी पंजियों के सम्यक संधारण एवं अद्यतन करने का निदेश दिया गया. सभी कर्मियों को हिदायत दी गई कि कार्यालय को प्राप्त होने वाले पत्रों के उपस्थापन एवं अनुपालन में विलम्ब होने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त के साथ कार्यपालक पदाधिकारी सौरव कुमार, कनीय अभियंता बिलास साहू एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAKESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >