रानीश्वर: सालतोला पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, पाकुड़िया के ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक समेत दो सहायक शिक्षकों को हटाने की मांग को लेकर स्कूल में ताला जड़ दिया. ग्रामीणों ने शिक्षकों पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए बुधवार को जमकर हंगामा किया. बताया गया कि बुधवार को स्कूल प्रबंधन समिति के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गयी थी.
बैठक में पोषक क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक बृजेंद्र मरांडी एवं दो अन्य सहायक शिक्षकों को स्कूल से हटाने की मांग की. ग्रामीणों ने स्कूल के विकास मद में उपलब्ध करायी गयी राशि का हिसाब नहीं देने और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का संचालन ठीक से नहीं करने समेत कई आरोप लगाए.
इसके बाद ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए स्कूल में ताला जड़ दिया. हालांकि, इस संबंध में प्रधानाध्यापक बृजेंद्र मरांडी से संपर्क नहीं हो सका. वहीं, संबंधित सीआरपी कंचन मंडल ने बताया कि स्कूल प्रबंधन समिति के गठन को लेकर हंगामा हुआ है और स्कूल में ताला जड़ दिए जाने की सूचना मिली है.
इस संबंध में बीईईओ सह बीआरसी समन्वयक एस्थेर मुर्मू से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की सूचना नहीं मिली है. मामले की जांच की जाएगी. उन्होंने बताया कि पाकुड़िया स्कूल के एक अन्य सहायक शिक्षक को पहले ही दूसरे स्कूल में प्रतिनियुक्त किया जा चुका है.
