हर घर तिरंगा अभियान में गूंजा देशभक्ति का संदेश, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को किया याद

दुमका के वन स्टॉप सेंटर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता सेनानियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया गया.

दुमका : हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वन स्टॉप सेंटर, दुमका में देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और संघर्ष पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगायी गयी. कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से परिचित कराने के साथ देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया. कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अंजू कुमारी, अंचल अधिकारी अमर कुमार और बाल कल्याण समिति की सदस्य किरण तिवारी मौजूद थीं. अतिथियों ने हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के साथ समाज में महिलाओं की स्वतंत्रता, सम्मान, सुरक्षा और समानता भी महत्वपूर्ण है.

महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश

कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर की भूमिका की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह केंद्र शोषित और पीड़ित महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों के लिए काम करता है. अतिथियों ने कहा कि स्वतंत्रता का व्यापक अर्थ केवल देश की आजादी तक सीमित नहीं है, बल्कि हर महिला को सम्मान और सुरक्षित वातावरण मिलना भी स्वतंत्र समाज की पहचान है. इस अवसर पर शोषित और पीड़ित महिलाओं के संघर्ष तथा उनके अधिकारों और आजादी पर आधारित वीडियो भी दिखाया गया. इसके माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया.

स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए किया नमन

अतिथियों ने देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन संघर्ष और उनके बलिदान को याद करते हुए उनकी तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित की. उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों से स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेने और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया. कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों पर नृत्य, गीत और संगीत की प्रस्तुतियां भी दी गयीं. प्रतिभागियों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. वहीं तिरंगे के रंगों और राष्ट्रीय भावनाओं को दर्शाती आकर्षक रंगोली भी बनायी गयी.

हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा का दिया संदेश

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में अतिथियों और प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और बलिदान को याद किया. कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम का समापन ''हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा'' के संदेश के साथ हुआ. आयोजन को सफल बनाने में बाल विकास परियोजना, दुमका सदर प्रखंड की महिला पर्यवेक्षिका तन्नू पंडा, वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी रेखा देवी, प्रखंड समन्वयक सुजाता कर्ण, यूनिसेफ की ज्योत्सना हेंब्रम सहित वन स्टॉप सेंटर के कर्मियों, महिलाओं और आसपास के ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Jayswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >