दुमका-दिल्ली ट्रेन को हरी झंडी, रंग लाई सांसद नलिन सोरेन की कोशिश

Dumka News: दुमका लोकसभा क्षेत्र के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सांसद नलिन सोरेन की कोशिशों से दुमका-दिल्ली सीधी रेल सेवा को मंजूरी मिल गई है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

दुमका से अभिषेक की रिपोर्ट

Dumka News: दुमका लोकसभा क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होती नजर आ रही है. दुमका से देश की राजधानी दिल्ली तक सीधा रेल संपर्क आसान बनाने की दिशा में नई स्पेशल ट्रेन सेवा को मंजूरी मिलने की खबर से पूरे संथाल परगना क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है. 

22 मई से दुमका-दिल्ली स्पेशल ट्रेन का संचालन 

जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 03011 HWH-ANVT स्पेशल 22 मई 2026 (शुक्रवार) से दुमका से दिल्ली (आनंद विहार) के लिए चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 03012 ANVT-HWH स्पेशल 25 मई 2026 (सोमवार) से दिल्ली से दुमका के लिए संचालित होगी. यह सेवा सप्ताह में एक दिन प्रत्येक दिशा में चलाई जाएगी. इस उपलब्धि को दुमका सांसद नलिन सोरेन के लगातार कोशिशों और संसद में उठाई गई मांगों का नतीजा माना जा रहा है. सांसद ने दुमका को दिल्ली के साथ-साथ दक्षिण भारत के राज्यों केरलम और तमिलनाडु से बेहतर रेल संपर्क दिलाने की मांग भी लगातार उठाई थी. 

सांसद नलिन ने क्या कहा? 

सांसद नलिन सोरेन ने इस मौके पर कहा कि यह केवल एक ट्रेन सेवा नहीं, बल्कि संथाल परगना के विकास की नई शुरुआत है. उन्होंने कहा, “दुमका और संथाल परगना की जनता लंबे समय से राजधानी दिल्ली तक बेहतर रेल संपर्क की मांग कर रही थी. संसद में मैंने लगातार इस मुद्दे को उठाया और जनता की आवाज को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया. आज यह मंजूरी क्षेत्र की जनता के संघर्ष, विश्वास और उम्मीदों की जीत है. उन्होंने आगे कहा कि इस ट्रेन सेवा से विद्यार्थियों, मजदूरों, मरीजों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. अब दुमका से दिल्ली की दूरी केवल किलोमीटर में नहीं, बल्कि अवसरों में भी कम होगी. शिक्षा, रोजगार, व्यापार और पर्यटन के क्षेत्र में इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा.” सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने संथाल परगना की जनता की भावनाओं का सम्मान किया है. उन्होंने कहा कि मैं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने दुमका लोकसभा क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लिया. आने वाले समय में हम संथाल परगना को देश के अन्य महत्वपूर्ण शहरों से जोड़ने के लिए भी प्रयास जारी रखेंगे. 

क्षेत्र में खुशी का माहौल 

नई ट्रेन सेवा की घोषणा के बाद दुमका सहित पूरे संथाल परगना क्षेत्र में लोगों के बीच खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के विकास और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है.

यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: कुचाई में करियर काउंसलिंग सह सम्मान कार्यक्रम आयोजित, मैट्रिक और इंटर के टॉपर हुए सम्मानित

यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: कुकड़ू में जंगली हाथी का कहर, घर तोड़ा, इलाके में दहशत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. पिछले करीब दो महीनों से वे झारखंड बीट पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. इस दौरान वे राज्य से जुड़ी ताजा खबरों, लोगों से जुड़े मुद्दे और जरूरी जानकारियों पर आधारित स्टोरीज तैयार कर रही हैं. इससे पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर रोचक और उपयोगी आर्टिकल लिखे. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >