दुमका नगर: गणेश चतुर्थी पर सोमवार को उपराजधानी दुमका गणपति भक्ति में डूबी रही. पोखरा चौक स्थित प्राचीन गणेश मंदिर समेत सराय रोड, नेशनल रोड और विजयपुर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना शुरू की गयी. सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी और गणपति बप्पा के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया.
पोखरा चौक पर तीन दिवसीय गणेश मेला शुरू
पोखरा चौक स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में तीन दिवसीय गणेश पूजा एवं मेले का शुभारंभ हुआ. पोखरा चौक का गणेश मेला दुमका के प्रमुख और ऐतिहासिक मेलों में शामिल है.
इस बार यहां करीब 20 फीट ऊंची बैलेंसिंग थीम पर आधारित भव्य गणेश प्रतिमा तैयार की गयी है. प्रतिमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी पोखरा चौक पहुंच रहे हैं. पूजा के साथ मेला परिसर में भी चहल-पहल बढ़ गयी है.
पहले दिन ही उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
गणेश मेले के पहले दिन ही पोखरा चौक पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. लोगों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और इसके बाद मेले का आनंद लिया.
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती की गयी है.
वहीं, मेला समिति की ओर से भी व्यवस्था संभालने के लिए वॉलंटियर्स तैनात किये गये हैं. वॉलंटियर्स श्रद्धालुओं की सहायता करने के साथ भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे रहे.
सराय रोड, नेशनल रोड और विजयपुर में भी गणपति की पूजा
दुमका शहर के सराय रोड, नेशनल रोड और विजयपुर में भी भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की गयी. इन सभी पूजा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.
अलग-अलग पूजा पंडालों में गणपति बप्पा के जयकारे गूंजते रहे. गणेश चतुर्थी को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
अगले दो दिनों में और बढ़ेगी रौनक
तीन दिवसीय गणेश पूजा एवं मेले को लेकर दुमका में चहल-पहल बढ़ गयी है. पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ने की उम्मीद है. अगले दो दिनों में मेले की रौनक और बढ़ने के साथ बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है.
