जिसे समझा जा रहा था हादसा, निकली हत्या! मां ने 5 साल के बेटे का गला दबाकर कुएं में फेंका था शव
गोपीकांदर : गोपीकांदर थाना क्षेत्र के धबोरना प्रधान टोला में बीते 21 जून को कुएं में डूबने से 5 वर्षीय अमन किस्कू की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मृतक की मां डोली टुडू को गिरफ्तार कर लिया है.
कुएं से बरामद हुआ था मासूम का शव
घटना के बाद मृतक के नाना सुरेश टुडू ने गोपीकांदर थाना में सूचना दी थी. सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत, एएसआई धर्मल मांझी और पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने कुएं से अमन का शव बाहर निकाला और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ हत्या का खुलासा
थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान मृतक की मां डोली टुडू ने अपने 5 वर्षीय बेटे अमन किस्कू का गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की.
हत्या के बाद रात में कुएं में फेंका शव
पुलिस के अनुसार, बच्चे की हत्या करने के बाद डोली टुडू ने रात में किसी को कुछ बताए बिना अमन के शव को कुएं में फेंक दिया था. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को धबोरना प्रधान टोला पहुंचकर 22 वर्षीय आरोपी महिला डोली टुडू को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी को भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मेडिकल जांच और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया. इसके बाद उसे केंद्र कारा, दुमका भेज दिया गया. कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत, एएसआई धर्मल मांझी, मुंशी बृजमोहन सिंह और सहायक पुलिसकर्मी शामिल थे.
