प्रतिनिधि,रामगढ़ ग्रामीण विकास के लिए चलायी जा रही मनरेगा योजना का उद्देश्य स्थानीय लोगों को उनके गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराना है. हालांकि, दूर-दराज के दुर्गम क्षेत्रों में इस योजना के क्रियान्वयन में बिचौलियों का हस्तक्षेप बढ़ता जा रहा है. प्रशासनिक निगरानी की कमी का फायदा उठाकर ये बिचौलिए नियमों की अनदेखी करते हुए जेसीबी मशीनों का खुलेआम उपयोग कर रहे हैं, जिससे स्थानीय मजदूरों का रोजगार प्रभावित हो रहा है और उन्हें अन्य स्थानों पर पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. हाल ही में रामगढ़ प्रखंड के बरमसिया पंचायत के गरडी गांव में ऐसा ही मामला सामने आया. रविवार सुबह कुछ बिचौलियों ने दो सिंचाई कूपों की खुदाई के लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया. हैरानी की बात यह रही कि खुदाई स्थल के आसपास कोई सूचना पट्ट नहीं लगाया गया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि मनरेगा के नियमों से बचने के लिए बिचौलिये अक्सर इस तरह के हथकंडे अपनाते हैं. यदि पकड़े जाते हैं, तो यह कहकर बचने की कोशिश करते हैं कि योजना अभी स्वीकृत नहीं हुई है, और अगर पकड़े नहीं जाते, तो बाद में बोर्ड लगाकर मामले को सामान्य दिखाने का प्रयास किया जाता है. मनरेगा योजनाओं की निगरानी के लिए प्रशासन ने विभिन्न स्तरों पर कर्मियों की नियुक्ति की है, जिसमें ग्राम रोजगार सेवक, पंचायत सचिव, जेइ, एइ और बीपीओ शामिल हैं. योजना के तहत भुगतान से पहले स्थानीय मुखिया के हस्ताक्षर भी आवश्यक होते हैं और समय-समय पर योजनाओं का सोशल ऑडिट भी किया जाता है. इसके बावजूद बिचौलियों द्वारा नियमों के उल्लंघन की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. ——————— गरडी में जेसीबी से खुदाई की दी सूचना फिलहाल, गरडी गांव में जेसीबी मशीन से सिंचाई कूप की खुदाई की सूचना ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी है. अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाये जाते हैं. ::::::::::::::::::::: क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि गरडी में जेसीबी मशीन द्वारा सिंचाई कूप की खुदाई की जानकारी मिली है. निर्माण स्थल पर स्वयं जाकर जांच करेंगे. यदि जेसीबी का प्रयोग किया गया है तो भुगतान किसी हालत में नहीं होने दिया जाएगा. विद्यानाथ मुर्मू, मुखिया, बरमसिया पंचायत. ::::::::::::::::::::::: क्या कहते हैं अधिकारी बरमसिया पंचायत के गरडी में रविवार को जेसीबी मशीन द्वारा दो सिंचाई कूप के खुदाई की सूचना मिली है. जेसीबी का प्रयोग मनरेगा में कतई स्वीकार्य नहीं है. सोमवार को मामले की जांच कराई जायेगी. शिकायत सत्य मिलने पर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ-साथ योजना को रद्द कर दिया जाएगा. कमलेंद्र कुमार सिन्हा, बीडीओ, रामगढ़. :::::::::::::::::::::::
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
