गोपीकांदर : गोपीकांदर थाना क्षेत्र की सुरुजोडीह पंचायत में शुक्रवार को चर्च के पीछे करीब एक किलोमीटर दूर धान के खेत में शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गयी. शव मिलने की सूचना ग्राम प्रधान ने गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत को दी. सूचना मिलते ही एएसआई मनोज सोरेन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया.
ग्रामीणों ने की शव की पहचान
पुलिस, ग्रामीणों एवं ग्राम प्रधान सुभाष हांसदा ने शव की पहचान सुरुजोडीह गांव निवासी करण मुर्मू (40) के रूप में की. वह सीना मुर्मू के पुत्र थे. मृतक के दो पुत्र आगिस्टीन मुर्मू और निर्मल मुर्मू ने बताया कि उनके पिता बुधवार को किसी निजी काम से घर से निकले थे. इसके बाद वह वापस नहीं लौटे. परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली.
दो दिनों से खेत में पड़ा था शव
शुक्रवार को ग्राम प्रधान को चर्च के पीछे धान के खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिली. इसके बाद ग्रामीणों को इसकी सूचना दी गयी. शव करीब दो दिनों से खेत में पानी के बीच पेट के बल पड़ा हुआ था. पानी में पड़े रहने के कारण शव फूल गया था और उससे काफी दुर्गंध आ रही थी. शव शर्ट और हाफ पैंट में मिला.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
गोपीकांदर थाना पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका स्थित फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा मौत का कारण
थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही करण मुर्मू की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
