JPSC-JSSC नियुक्तियों पर बाबूलाल मरांडी का बड़ा बयान, CBI जांच नहीं तो जेल भरो आंदोलन

झारखंड में सरकारी नियुक्तियों को लेकर भाजपा ने दुमका में समाहरणालय का घेराव किया. JPSC और JSSC की नियुक्तियों में कथित धांधली के खिलाफ CBI जांच की मांग उठी. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने चेताया कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज होगा और जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा.

संवाददाता, दुमका: झारखंड में सरकारी नियुक्तियों को लेकर सियासत गरमा गई है. मंगलवार को भाजपा ने JPSC और JSSC की नियुक्तियों में कथित धांधली, नौकरी के नाम पर पैसे की वसूली और आंदोलनरत छात्रों एवं युवाओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर दुमका समाहरणालय का घेराव किया.

यज्ञ मैदान से भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचा. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

समाहरणालय घेराव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में पिछले पांच-छह वर्षों के दौरान हुई सभी नियुक्तियों की CBI जांच होनी चाहिए. उन्होंने JPSC और JSSC की नियुक्तियों में गड़बड़ी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की.

मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन और होगा तेज

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छात्र और नौजवान अपने हक-हकूक के लिए आंदोलन कर रहे थे. उनके अनुसार, आंदोलनरत छात्रों ने किसी को गाली नहीं दी, इसके बावजूद उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए.

उन्होंने आरोप लगाया कि पुतला दहन के दौरान झामुमो समर्थकों द्वारा छात्रों के साथ मारपीट और लाठीचार्ज किया गया, लेकिन कार्रवाई पीड़ित और निर्दोष नौजवानों के खिलाफ की गई.

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है. सरकार को आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे बिना शर्त वापस लेने चाहिए.

सरकार केवल आईवॉश कर रही

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि नियुक्तियों में गड़बड़ी के मामलों में सरकार केवल आईवॉश कर रही है. उन्होंने कहा कि कई मामलों में अब तक चार्जशीट तक दाखिल नहीं की जा रही है और दलालों के माध्यम से केवल पैसे की वसूली कराई जा रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में नौकरी बेचने के लिए दलालों का नेटवर्क काम कर रहा है. नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने एक मामले में 150 में से 135 उत्तर रटवाए जाने का आरोप भी लगाया.

बाबूलाल ने कहा कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच जरूरी है, ताकि वास्तविक दोषियों का पता चल सके.

CBI जांच नहीं हुई तो जेल भरो आंदोलन की चेतावनी

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यदि सरकार छात्रों और नौजवानों की मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी.

उन्होंने चेतावनी दी कि नियुक्तियों की CBI जांच नहीं होने पर आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा.

ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं: सुनील सोरेन

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने गिट्टी और बालू बेचने के बाद अब नौकरी बेचने का काम किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है. युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

निर्दोष नौजवानों पर FIR, दोषी बाहर: अभयकांत प्रसाद

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद ने कहा कि निर्दोष नौजवानों पर FIR दर्ज कर दी गई, जबकि जिन लोगों पर आरोप हैं, वे बाहर हैं.

उन्होंने सरकार से आंदोलनरत युवाओं पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लेने की मांग की. भाजपा नेताओं ने कहा कि युवाओं के मुद्दे पर पार्टी आंदोलन को आगे भी जारी रखेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anand Jayswal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >