सदर अस्पताल प्रांगण से निकाली विशाल रैली
दुमका : दुमका जिला सहिया संघ एवं सहिया प्रशिक्षण संघ के राज्यव्यापी आंदोलन के तहत शुक्रवार को प्रदेश नेताओं की अगुआई में सैकड़ों सहियाओं ने अपनी 14 सूत्री मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के साथ-साथ सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष रोषपूर्ण प्रदर्शन किया.
इससे पूर्व सदर अस्पताल प्रांगण से एक विशाल रैली निकाली गयी. प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए सहिया प्रशिक्षण संघ के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह तथा झारखंड राज्य सहिया संघ की प्रदेश सदस्य मरियम हेंब्रम ने सहिया, सहिया साथी और बीटीटी को स्थायी करने, उनको स्थायी करने तिा मानदेय क्रमश: 10, 15 व 20 हजार रुपये देने, सभी को दस लाख रुपये का दुर्घटना बीमा का लाभ देने, सहियाओं को एनआरएचएम कर्मी का दर्जा प्रदान करने, अस्पतालों में नाजायज वसूली को बंद कराने, स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती महिलाओं व प्रसुता को ले जाने पर आवासन की सुविधा दिलाने, समय पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान कराने जैसी मांगे रखी. कोषाध्यक्ष पुतुल दत्ता ने झारखंड के सहिया कार्यक्रम की संरचना को पूरे देश में रोल मॉडल के रुप में लागू करने की मांग उठायी. बाद में सिविल सर्जन उॉ विनोद कुमार साहा को सहियाओं ने ज्ञापन भी सौंपा.
