बासुकिनाथ से आदित्यनाथ की रिपोर्ट
Dumka News: दुमका जिले के बासुकिनाथ स्थित तालझारी थाना क्षेत्र में माइक्रो स्मॉल फाइनेंस बैंक कर्मी से हुई लूटपाट मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. घटना सात अप्रैल की बताई जा रही है, जब बैंक कर्मी से हथियार के बल पर लूटपाट की गई थी.
पहाड़ी के पास दिया गया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के कर्मी विक्की कुमार ठाकुर ग्रुप लोन की लगभग 70 हजार रुपये की राशि वसूली कर बाइक से लौट रहे थे. इसी दौरान तेलभंगा बुढ़ियारी गांव के समीप पहाड़ी के पास घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोका. अपराधियों ने देशी कट्टे का भय दिखाकर उनसे नकदी और बाइक लूट ली और मौके से फरार हो गए.
पुलिस टीम का गठन और त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर जरमुंडी एसडीपीओ अमित कच्छप के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने थाना कांड संख्या 18/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 310(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की. गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सभी पांच आरोपियों को धर दबोचा.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और बरामदगी
पुलिस ने तालझारी थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों से चंदन मिर्धा, राकेश राय, करण कुमार राव, पियुष प्रशांत और कटकी मिर्धा को गिरफ्तार किया है. इनके पास से लूटी गई हीरो मोटरसाइकिल, एक टैब और एक देशी कट्टा बरामद किया गया है. पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
पुराने आपराधिक इतिहास की भी जांच
एसडीपीओ अमित कच्छप ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं ये आरोपी अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल तो नहीं रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: पतरातू के हेसला में जमीन विवाद पर बवाल: सड़क जाम, टायर जलाकर उग्र प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन आमने-सामने
क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सख्त
इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. थाना प्रभारी संगम पाठक समेत पुलिस टीम लगातार इलाके में सक्रिय है. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
इसे भी पढ़ें: गढ़वा होटल कांड: पुलिस ने होटल मालिकों की पहचान के लिए नगर परिषद से मांगी रिपोर्ट
