निर्देश . जिला टास्क फोर्स की बैठक में माइंस संचालकों को डीसी ने दी हिदायत, कहा
जिला टास्क फोर्स की बैठक में पत्थर खदानों में नियमित पानी का छिड़काव नहीं कराने पर नाराजगी जतायी और कड़े शब्दों में कहा कि यदि निर्देश का पालन नहीं किया गया तो कार्रवाई की जायेगी.
दुमका : ले के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने पतथर खदानों में नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराये जाने का आदेश दिया है और कहा है कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो खदानों का लाईसेंस रद्द कर दिया जायेगा. उन्होंने प्रत्येक खदान मालिक को अपने-अपने खदानों से लगभग सौ मजदूरों का अपने खर्चे से स्वास्थ्य जांच कराने का भी आदेश दिया है. उपायुक्त ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में सभी खदान मजदूरों में सिलकोसिस बीमारी का जांच कराया जाना अनिवार्य है. श्री सिन्हा ने उक्त निर्देश सोमवार को जेएमएसएसपीएम तथा सिलकोसिस बीमारी,पल्स पोलियो,
राष्ट्रीय कृमिनाशक मुक्ति दिवस तथा बाल विकास कार्यक्रम से संबंधित जिला टास्कफोर्स की बैठक में दिया. पल्स पोलियो कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि पिछले चक्र की कमियों को यथाशीघ्र दूर किया जाय. जिन प्रखंडों से माईक्रो प्लान सही ढंग से जमा नहीं किया गया उन सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को माईक्रो प्लान को अद्यतन कर कमियों को पूरा करने का निदेश दिया गया. उन्होंने निदेश दिया कि बीएलटीएफ जिन प्रखंडों में नहीं किया किया गया है, वहां इसे 18 जनवरी तक हर हाल में पूरा कर लिया जाय. बीएलटीएफ को प्रखंड विकास पदाधिकारी या बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अथवा उनके प्रतिनिधि की अध्यक्षता में आहुत करना सुनिश्चित किया जाय. पल्स पोलियो कार्यक्रम में बीइइओ की सहभागिता पर भी उन्होंने जोर दिया. इसके लिए सभी स्कूलों के ब्लैक बोर्ड पर पल्स पोलियो 29 जनवरी 2017 लिखने तथा स्कूल के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकालने का निर्देश दिया गया. 29 जनवरी को प्रात: 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक सभी पोलियो बूथों को दवा की उपलब्धता के साथ खोले रखने का भी निदेश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि कृमि मुक्ति दिवस 10 फरवरी को सभी आंगनबाड़ी केन्द्र के साथ साथ सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में मनाया जायेगा. इसमें 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को अलवेन्डा जोल की खुराक दी जायेगी तथा छुटे हुए बच्चों को यही खुराक 15 जनवरी को दी जायेगी. 0 से 5 वर्ष उम्र के बच्चों को बिटामिन ए की भी खुराक दी जायेगी. बाल विकास कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने 2060 में से कुल 1938 पोषण सखी का चयन होने तथा शेष 122 पोषण सखी का भी यथाशीघ्र चयन कर लेने का आदेश दिया. कहा कि जैसे ही किसी शिशु का जन्म होता है, वैसे ही पर्यवेक्षिका के माध्यम से बच्चे का आधार पंजीकरण कराया जाय. सभी सेविका को प्रतिदिन एसएमएस के जरिये रिपोर्ट करने तथा सभी पर्यवेक्षिका द्वारा प्रतिमाह समय पर ऑनलाईन एमपीआर किये जाने का निर्देश दिया गया.
बैठक में सिविल सर्जन विनोद कुमार साह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मनीषा तिर्की, जिला आरसीएच पदाधिकारी डा मो जावेद, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डा मनोज कुमार, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डा आरएन दिवाकर, जिला खनन पदाधिकारी संदीप कुमार मंडल, डब्ल्यूएचओ के डा सौम्यदीप चौधरी, सभी प्रखंडों की सीडीपीओ व एमओ उपस्थित थे.
