दुमका : दुमका जिले में छात्रावासों की समस्याओं का जल्द ही निदान हो जायेगा. दो महीने के अंदर ही आउटसोर्सिंग के माध्यम से छात्रावासों में रसोइया, रात्रि प्रहरी और झाड़ूदार की बहाली कर दी जायेगी. यह आश्वासन खुद महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री डॉ लोइस मरांडी ने दी है.
वे रविवार को दुमका परिसदन में छात्रावासों की समस्याओं के समाधान के लिए बैठक कर रहीं थी. इस बैठक में उन्होंने पूर्व में दिये गये निर्देश के अालोक में छात्रावासों से संबंधित रिपोर्ट की समीक्षा में पाया कि कई छात्रावासों में शौचालय की मरम्मती, चहारदीवारी, बिजली की वायरिंग, पंखे की कमी, पानी की समस्या व्याप्त है. उन्होंने राशि की उपलब्धता के आधार पर प्राथमिकता तय करते हुए छात्रावासों की मरम्मत कराने का कार्य अतिशीघ्र प्रारंभ करवाने का निर्देश दिया. बैठक में डीसी राहुल कुमार सिन्हा, पेयजल स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग के अधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी आदि मौजूद थे.
