हादसे के बाद बेकाबू ट्रैक्टर से कूदे चालक भी आया चपेट में
दुमका/काठीकुंड : जिले में शनिवार को अलग-अलग हादसों में एक बैंककर्मी सहित दो व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग घायल हो गये. घायलों में जैप-8 के दो जवान शामिल है.
दुमका-पाकुड़ मार्ग पर मधुबन में बाइक सवार एक बैंककर्मी द्वारा पंक्चर बनाने वाली दुकान के पास खड़े ट्रक में टक्क र मार दिये जाने से घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. काठीकुंड के हीरुडीह के रहने वाले 57 साल के सुधीर सोरेन वर्तमान में एसबीआइ धनकुट्टा में बतौर कैशियर कार्यरत थे.
बैंक का काम खत्म कर वे दुमका गिधनीपहाड़ी जा रहे थे. घटना के बाद उन्हें रिंची अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके सिर पर गंभीर चोट थी. घटना शाम लगभग सात बजे की बतायी जा रही है.
इधर देर शाम शहर के टाटा शोरूम के पास एक बेकाबू ट्रैक्टर ने एक-एक कर तीन गाड़ियों को ठोकर मार दी. जिससे चालक सहित दो लोग घायल हो गये. इलाज के क्रम में ट्रैक्टर चालक ने दम तोड़ दिया. थाना प्रभारी डॉ अजय कुमार ने बताया कि मृतक का नाम सोहन सोरेन था, जो काठीकुंड के बिछियापहाड़ी का रहने वाला था. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है. जबकि घायल मोटर मैकेनिक तारिक अनवर को सदर अस्पताल में भरती करवाया गया.
जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. बिना नंबर की महींद्रा 265 डीआइ मॉडल की नयी ट्रैक्टर बालू खाली करने के बाद दुधानी के ओर से टाटा शोरूम कीओर जा रही थी. इसी दौरान ट्रैक्टर ने एक मारूती कार को धक्का मारा और जैसे ही ट्रैक्टर और आगे बढ़ी, भागने के लिए चालक ने छलांग लगा दी. लेकिन वह भी अपनी ही ट्रैक्टर की चपेट में आ गया.
बिना चालक के यह ट्रैक्टर आगे बढ़ी और एक कार को अपने चपेट में लेकर भगत भाई एंड कंपनी के शोरूम के सामने रखे मोटरसाइकिल को जोरदार ठोकर मारते हुए बीएसएनएल के केबुल बॉक्स को ठोकर मारने के बाद रूक गयी.
इधर तालझारी के पास जैप-8 के दो जवान मोटरसाइकिल से गिरिडीह जाने के क्रम में घायल हो गये. हादसा बकरी को बचाने के क्रम में हुआ. घायल जवान में से एक सरकार मुमरू साहिबगंज का व दूसरा अनिल मुमरू भंडारो-काठीकुंड का रहने वाला है.
