– बास्की मिनरल माइनिंग प्रालि के नाम से संचालित खदान पर हमला
– बचाने गये मुंशी को रड से मारा, गंभीर रूप से घायल
शिकारीपाड़ा : जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सालडंगाल–काठपहाड़ी इलाके में बास्की मिनरल माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड नाम से संचालित एक पत्थर खदान में मंगलवार की रात अज्ञात अपराधकर्मियों ने हमला कर खदान मैनेजर की हत्या कर दी.
खदान का ही मुंशी राघवेंद्र साहा भी हमले में गंभीर रुप से घायल है, जिसका इलाज सिउड़ी के सदर अस्पताल में कराया जा रहा है. पुलिस राघवेंद्र का बयान लेकर तहकीकात में जुट गयी है.
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार को पत्थर खदान के दोनों कर्मचारी खदान कार्यालय के बाहर ही चारपाई पर साये हए थे. इसी दौरान मध्यरात्रि को अपराधकर्मियों ने पप्पू सिंह पर हमला कर दिया. पप्पू ने जब शोर मचाया, तो राघवेंद्र उसे बचाने पहुंचा. उसके ऊपर भी अपराधकर्मियों ने रड से वार कर दिया.
चीखने–चिल्लाने की आवाज सुनकर जब खदान के मजदूर आदि जुटने लगे, तो हमलावार भाग खड़े हुए. बताया जा रहा है कि पप्पू सिंह की मौत सिउड़ी ले जाने के क्रम में रास्ते में हो गयी.
वह बिहार के वैशाली जिले के मगराना का रहने वाला था, जबकि राघवेंद्र पश्चिम बंगाल के मोहम्मद बाजार के खैराकुंडी का रहने वाला है. पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 125/13 में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ दफा 302, 307, 323,325 एवं 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
