वारिसलीगंज : धन बिगहा गांव स्थित आरआरएम भट्ठा मालिक द्वारा दो मजदूर परिवार के दर्जन भर सदस्यों को बंधक बना कर काम कराने का मामला शुक्रवार को प्रकाश में आया है.
एसपी मानव जीत सिंह ढिल्लो के हस्तक्षेप के बाद थानाध्यक्ष बिंध्याचल प्रसाद ने भट्ठे पर छापेमारी कर जहानाबाद जिले के बिहटा निवासी संजय मांझी, उसकी पत्नी मंजू देवी, पुत्र उदय कुमार, विकास कुमार, सोनू कुमार, पुत्री लीला कुमारी, सुमंती कुमारी और दूसरे सदस्य अरविंद मांझी, पत्नी शांति देवी, पुत्र राहुल मांझी, नीतीश मांझी, सतीश मांझी, रोहित मांझी को मुक्त कराया.
बाद में संजय मांझी ने धन बिगहा निवासी भट्ठा मालिक रंजीत महतो पर लगातार भयादोहन कर कार्य करवाने व रात में मारपीट करते हुए एक कमरे में बंद करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. वहीं, संजय ने बताया कि सावन माह में पैदा हुई पुत्री इलाज के अभाव में 10 दिनों बाद दम तोड़ दिया.
संजय ने यह भी बताया कि भट्ठे मालिक को कई बार कहने के बावजूद वह इलाज के लिए अस्पताल आने नहीं दिया. थानाध्यक्ष विंध्याचल प्रसाद ने बताया कि मजदूर के सभी सदस्यों को भट्ठा मालिक से मुक्त करा कर उसे अपने पैतृक गृह भेजने की तैयारी करायी जा रही है. साथ ही अमानवीय व्यवहार करने वाले आरआरएम भट्ठे के संचालक रंजीत महतो के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी.
