उधवा (साहिबगंज) : प्रखंड के नास घाट के पलाशगाछी पंचायत सहित अन्य दियारा क्षेत्र को जोड़ने वाली एकमात्र मुख्य सड़क गुरुवार को बाढ़ के पानी से कट गयी. इस कारण पूर्वी प्राणपुर, पश्चिमी प्राणपुर, दक्षिण पलाशगाछी, उत्तर पलाशगाछी व दक्षिण पियारपुर पंचायत के आकुरगोना गांव के लोगों का संपर्क टूट गया.
मुख्य सड़क के टूटने से इस क्षेत्र के लगभग 23 हजार आबादी बाढ़ में फंस गयी है. इससे लोग प्रखंड मुख्यालय अथवा अन्य स्थानों में आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं. ऐसी स्थिति में दियारावासियों के समक्ष भोजन, चारा, दवा आदि की समस्या उत्पन्न हो गयी है. ज्ञात हो कि गंगा का जलस्तर बढ़ने से प्रखंड के श्रीधर पंचायत पूरी तरह बाढ़ से प्रभावित है.
जबकि उत्तर पियारपुर, दक्षिण पियारपुर, पूर्वी उधवा दियारा, पश्चिमी उधवा दियारा पंचायत के कई गांव भी प्रभावित हैं. सड़क के टूट जाने को लेकर शुक्रवार प्रखंड प्रशासन द्वारा बोरे मे बालू भरकर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया गया है.
