दुमका : सीनेट हॉल के उद्घाटन मौके पर कुलाधिपति डॉ सैयद अहमद ने 24 वर्षो के लंबे अंतराल के बाद सिदो कान्हू मुमरू विश्वविद्यालय के अपने परिसर में भवन बन जाने पर खुशी जतायी और उम्मीद जतायी कि नये बने इस भवन से विश्वविद्यालय का कार्य सुचारु रूप से चलेगा.
विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति करेगा. उन्होंने कहा : जनजातीय बहुल क्षेत्र में स्थापित इस विश्वविद्यालय से काफी अपेक्षाएं हैं. देश में उच्च शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं की संख्या उम्मीद के अनुरूप नहीं रहने पर उन्होंने चिंता भी प्रकट की और कहा कि इस दिशा में शिक्षण संस्थानों एवं विश्वविद्यालय परिवार को पहल करनी होगी. उन्होंने बदलते समय में विश्वविद्यालय को आइटी के विभिन्न आयामों को अपनाने पर जोर दिया. इसे नजरअंदाज कर हम तरक्की नहीं कर सकते.
उन्होंने शोध, रोजगारपरक शिक्षा एवं वोकेशनल कोर्स को भी बढ़ावा देने की जरूरत पर बल दिया. बेवसाइट पर समस्त सूचनाएं अपलोड करने की बात कही. कहा कि शिक्षक छात्रों में सीखने की ललक पैदा करें तथा उनका मार्गदर्शन बेहतर तरीके से करें, ताकि बच्चे हर क्षेत्र में कामयाबी हासिल कर सके. इससे पूर्व कुलाधिपति ने संताल हूल के अमर नायक सिदो कान्हू व चांद-भैरव के संघर्ष और बलिदानों को भी याद किया और कहा कि जो राष्ट्रीय चेतना एवं भावना उन्होंने विकसित की है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में बेहतर माहौल हो तथा परिसर में किसी प्रकार का भय का माहौल न बनने पाये, जिला प्रशासन को भी इस दिशा में ध्यान देना होगा.
