दो लोगों को बनाया बंधक, जूतों का माला पहनाया
रानीश्वर : सोमवार को प्रखंड के सालतोला गांव से दो नाबालिग लड़कियों को भगा कर ले जाने के मंसूबे में एक युवक व एक अधेड़ कामयाब नहीं हो पाये. ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ कर अपना कानून चलाया.
दोनों को जूते-चप्पलों का माला पहनाया और रात भर बंधक बनाये रखा. जब इसकी भनक पुलिस को लगी तो वे भी गांव पहुंचे और काफी फजीहत के बाद दोनों को मंगलवार को मुक्त कराया जा सका. फिलहाल पुलिस दोनों को थाने ले आयी है. दोनों समस्तीपुर जिले के रहने वाले हैं. पुलिस कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है.
क्या है मामला
सालतोला गांव की एक 15 वर्षीय व एक 12 वर्षीय आदिवासी लड़की गांव के 15 वर्षीय श्याम किशोर मरांडी और 14 वर्षीय सोमलाल मरांडी के साथ रविवार को रानीश्वर हटिया जाने के लिए घर से निकली थीं. पक्की सड़क तक पहुंचने पर गांव का बबलू अंसारी एक चार पहिया वाहन लेकर वहां पहुंचा और चारों को रानीश्वर हटिया पहुंचाने की बात कहकर गाड़ी पर चढ़ा लिया.
गाड़ी रानीश्वर हटिया के पास रुक ने के बदले सिउड़ी चली गयी. वहां से पीछे से समस्तीपुर का रहनेवाला अधेड़ कंचन सिंह भी पहुंचा. सिउड़ी में चारों को खाना खिलाने के बहाने गाड़ी से उतरने को कहा. गाड़ी से श्याम किशोर मरांडी व सोमलाल मरांडी उतर गये. दोनों लड़के को कंचन सिंह व बबलू अंसारी होटल में खाना खिलाने ले गया.
इतनी देर में गाड़ी का चालक स्थिति को भांपते हुए दोनों लड़की को वापस सालतोला पहुंचा दिया. गाड़ी चालक आसनबनी का था. गाड़ी चालक की सूझबूझ से दोनों लड़की अपने गांव तक पहुंच गयी. सोमवार आरोपी बबलू अंसारी व कंचन सिंह सालतोला पहुंचा, तो ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बना लिया और मंगलवार को ग्राम प्रधान वकील हांसदा के हवाले कर दिया.
