पूर्व डिप्टी सीएम हेमंत सोरेन का मसलिया दौरा, कहा
मसलिया : पूर्व उपमुख्यमंत्री सह झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष हेमंत सोरेन सोमवार को मसलिया पहुंचे. मसलिया प्रखंड के पूर्वी क्षेत्र का दौरा कर उन्होंने मतदाताओं के नाम विलोपित किये जाने के मामले में मिली शिकायतों की जानकारी ली तथा कार्यकर्ताओं को ऐसे मतदाताओं का नाम सूची में फिर से चढ़वाने का निर्देश दिया, जिनके नाम गलती से विलोपित कर दिये गये हैं या फिर जो इन दिनों रोजगार की तलाश में गांव से बाहर गये हुए हैं.
श्री सोरेन ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कठलिया, सीतासाल, कलाबगान, डिमूडीह आदि गांवों का दौरा किया और जन समस्याओं से अवगत हुए. जन समस्याओं के निदान के लिए उन्होंने पार्टी स्तर से पहल करने की बात कही.
उन्होंने ग्रामीणों से भी ऐसे मतदाताओं का नाम वापस सूची में चढ़वाने के लिए प्रेरित किया, जिनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है. मौके पर जिलाध्यक्ष सुभाष सिंह, जिला उपाध्यक्ष निशित वरण गोललदार, शिव कुमार बास्की, अजय झा, प्रखंड अध्यक्ष सीताराम बास्की, वासुदेव टुडू आदि मौजूद थे.
