हादसा. दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर गुहियाजोरी के डहुटोला के पास हुई घटना
दुमका नगर : दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुहियाजोरी के डहुटोला के पास ट्रक व पिकअप वैन की टक्कर में वैन चालक की मौत हो गयी. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया. मृतक देवेंद्र कुमार दुबे (65) शहर के बक्सीबांध मुहल्ले के रहने वाले थे. मृतक का बेटा वीरेंद्र कुमार दुबे दुधानी पंचायत में वार्ड सदस्य हैं. वीरेंद्र ने बताया कि मंगलवार की शाम उनके पिता देवेंद्र कुमार दुबे काठीकुंड जाने की बात कहकर वैन लेकर घर से निकले थे.
काठीकुंड जाने के क्रम में रास्ते में गाड़ी खराब हो गयी. इसकी सूचना मालिक को देकर वे सड़क के किनारे गाड़ी लगाकर सो गये थे. देर रात विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक ने जोरदार ठोकर मार दिया. जिससे पिकअप वैन पुल के समीप गड्ढे में जा गिरा. मौके पर ही देवेंद्र की मौत हो गयी. ट्रक का पहिया फंस जाने से चालक व खलासी ट्रक छोड़कर फरार हो गये. बुधवार की सुबह पुलिस ने दोनों वाहन को जब्त कर लिया है.
