बासुकिनाथ में राहुल पर बोले नरेंद्र मोदी : पहले गुब्बारा, अब टॉफी-टॉफी की रट, कांग्रेस राज में
बासुकिनाथ : अकेले झारखंड के लोगों में दिल्ली की सरकार को हटाने की क्षमता है. शहजादे गुब्बारे व टॉफी की बात करते हैं, अब मां बेटे की सरकार जा रही है, अब उनके पास कुछ नहीं बचेगा. दोनों मां बेटे गुब्बारे व टॉफी लेकर खेंलेंगे. उक्त बातें बासुकिनाथ की जनसभा में नरेंद्र मोदी ने कही. वे बासुकिनाथ में गोड्डा से भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे, दुमका प्रत्याशी सुनील सोरेन और राजमहल प्रत्याशी हेमलाल मुमरू के पक्ष में चुनाव प्रचार करने आये थे.
श्री मोदी ने कहा : झारखंड में इको टूरिज्म की अपार संभावना है. लेकिन दिल्ली की सरकार को इससे कोई मतलब नहीं रहा. उनके राज में टूरिज्म बढ़े या नहीं टेरीरिज्म बढ़ता जा रहा है. लेकिन झारखंड का विकास टूरिज्म से होगा, टेररिज्म से नहीं. यहां की धरती को खून से लाल करने से विकास नहीं होगा. इसलिए भाजपा का संकल्प है कि आदिवासियों के कल्याण को प्राथमिकता दी जायेगी.
कांग्रेस, नीतीश व लालू पर भी बरसे : मोदी ने कहा कि पड़ोस में एक नेता हैं जो अभी जेल से आये हैं, उन्होंने कहा, मेरी लाश पर झारखंड बनेगा. वहीं एक सीएम भी हैं वे भी कहते थे, बिहार का विभाजन नहीं होने देंगे. लेकिन अटल जी ने झारखंड दिया. आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय बनाया, मंत्री बनाया, उनके विकास की योजनाएं बनायी. उन्होंने कहा, आदिवासी समाज सबसे पुरातन समाज है लेकिन कांग्रेस को आदिवासियों की याद नहीं आयी. इसलिए अटल जी के झारखंड को, यहां की युवा पीढ़ी, आदिवासी व हर तबके के लोगों को समृद्ध झारखंड देना है.
इसलिए अब झारखंड से 14 के 14 कमल दिल्ली भेजिए. आप अपना बहुमूल्य वोट कमल निशान पर बटन दबाकर दें. अटल जी के झारखंड को बचायें. मौके पर गोड्डा, दुमका व राजमहल से भाजपा प्रत्याशियों के अलावा प्रदेश भाजपाध्यक्ष डॉ रवींद्र राय, राज्यसभा सांसद जेपीएन सिंह, भाजपानेत्री डॉ लुइस मरांडी, पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष अनंत ओझा, राज पलिवार, अशोक भगत आदि मौजूद थे.
धनबाद के करकेंद्र स्थित नेहरू पार्क में
– कांग्रेस मां-बेटे की सरकार बन गयी है
– कितना भी चिंतित व्यक्ति हो, कभी मुस्कराता अवश्य है, लेकिन पीएम को किसी ने हंसते-मुस्कुराते नहीं देखा
– कांग्रेस ने पिछले चुनाव के घोषणा पत्र में 10 करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वायदा किया था, पर उसे पूरा नहीं किया
– भाजपा की सरकार बनी, तो स्वच्छ – पेयजल उपलब्ध कराने में विशेष भूमिका निभानेवाले राज्य को विशेष पैकेज दिया जायेगा
– धनबाद में भारत को बहुत कुछ दिया है, पर दिल्ली में बैठे लोगों ने धनबाद का धन्यवाद नहीं किया, बल्कि इसे बरबाद कर दिया
– आइएसएम को आइआइटी बनाने की मांग पूरी नहीं की गयी. इस आइआइटी का दरजा मिल जाता, तो धनबाद विश्वस्तरीय तकनीकी संस्थान के रूप में जाना जाता
बासुकिनाथ में बोले
– झारखंड में इको टूरिज्म की अपार संभावना, पर दिल्ली की सरकार को इससे कोई मतलब नहीं. उनके राज में टेररिज्म बढ़ता जा रहा है
– भाजपा का संकल्प, आदिवासियों के कल्याण को प्राथमिकता दी जायेगी
– अटल जी ने झारखंड दिया, आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय बनाया, उनके विकास की योजनाएं बनायी
– आदिवासी समाज सबसे पुरातन है, पर कांग्रेस को आदिवासियों की याद नहीं आती
हजारीबाग के मटवारी मैदान में बोले
– भाजपा में श्रेष्ठ नेताओं की टीम है, जो गहरे चिंतन और विचार-विमर्श करती है.
– राहुल के दिमाग से बचपना जाता नहीं. उनके होठों पर 10 दिनों से गुब्बारा-गुब्बारा था. अब टॉफी-टॉफी पकड़ा है.
– मेरे नसीब में टॉफी तो नहीं, रेल डिब्बे में चाय बेचना रहा.
– चुनाव के बाद संसद में हाई रेज्यूलेशन के सीसीटीवी कैमरा लगाने पड़ेंगे. संसद के अंदर किस कोने में कांग्रेस सांसद बैठे हैं, कैमरा उसका पता लगायेगा.
– यूपीए ने एनटीपीसी का काम अटका दिया
– झारखंड इतनी ताकत दिखा रहा है कि लगता है कि दिल्ली की सरकार को बचने नहीं देगा. अगर पूरा हिंदुस्तान लग जायेगा तो कांग्रेस का क्या होगा.
– अटल बिहारी वाजपेयी के रुके काम को दोबारा शुरू करेंगे. प्रधानमंत्री सिंचाई योजना लागू करेंगे. देश के सभी राज्यों में फसल पर खर्च और 50 प्रतिशत लाभ का पारा मीटर तय कर एक समान फसल का समर्थन मूल्य तय होगा.
