दुमका : झारखंड मुक्ति मोरचा के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन ने कहा है कि नरेंद्र मोदी की झारखंड में कोई लहर नहीं है और उनकी चुनावी सभाओं का भी कोई असर नहीं पड़ने वाला है.
चुनावी दौरे में निकलने से पूर्व दुमका स्थित अपने आवास में पत्रकारों से बातचीत में शिबू सोरेन ने बाबूलाल-साइमन की मुलाकात पर कहा कि साइमन मरांडी पार्टी के पुराने नेता हैं, वे पार्टी नहीं छोड़ेंगे.
हेमलाल मुमरू के पार्टी छोड़ने व भाजपा से चुनाव लड़ने के बाद अब साइमन के झाविमो में जाने की लगायी जा रही अटकलों पर उन्होंने कहा कि पार्टी से पहले भी बहुत से लोग गये हैं, लेकिन हमने किसी को भी जाने के लिए नहीं कहा. नेताओं के जाने का असर पहले भी नहीं पड़ा, अब भी नहीं पड़ेगा. श्री सोरेन ने कहा कि संगठन में स्वार्थ को तरजीह नहीं दी जा सकती है और न जनता के भावना की उपेक्षा की जा सकती है. श्री सोरेन ने कहा कि पार्टी मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव लड़ रही है. यूपीए में एकजुट रहकर हम चुनाव लड़ रहे हैं.
