इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम घोषित, संताल परगना में
दुमका : झारखंड अधिविद्य परिषद् द्वारा मंगलवार को जारी इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में संताल परगना में विज्ञान संकाय का परिणाम कला एवं वाणिज्य की तुलना में बेहद ही खराब रहा है. विज्ञान संकाय में दुमका जिला सबसे फिसड्डी साबित हुआ है. विज्ञान में दुमका के केवल 19.11 प्रतिशत परीक्षार्थियों को ही सफलता मिल सकी है.
पाकुड़, साहेबगंज एवं देवघर जैसे जिलों की स्थिति भी अच्छी नहीं रही. पाकुड़ में विज्ञान संकाय में 26.19, देवघर में 27.75, जामताड़ा में 30.25, गोड्डा में 31.15 तथा साहेबगंज में 25.74 प्रतिशत छात्र ही सफल घोषित हुए हैं.
कला संकाय में सबसे अच्छा परिणाम साहेबगंज का रहा. यहां के 72.16 प्रतिशत छात्र इस संकाय में उत्तीर्ण हुए. इस संकाय में सबसे खराब रिजल्ट गोड्डा जिले का (53.07 प्रतिशत) रहा. वाणिज्य संकाय में देवघर का परिणाम 64.64 प्रतिशत, दुमका का 64.35 प्रतिशत, पाकुड़ का 61.42 प्रतिशत, जामताड़ा का 60.76 प्रतिशत, गोड्डा का 45.97 प्रतिशत तथा साहेबगंज का 46.35 प्रतिशत रहा.
