दुर्घटना. हादसे का दिन रहा सोमवार
दुमका में सोमवार का दिन हादसों का दिन रहा. तीन अलग-अलग सड़क हादसे में पश्चिम बंगाल के दो युवकों की जान चली गयी, जबकि दर्जन भर लोग घायल हो गये.
दुमका : शिकारीपाड़ा के नवपहाड़ के पास पहला हादसा हुआ. जहां आई -10 हुंडई कार के चपेट में आने से इन दोनों की मौत हो गयी. वहीं कार पर सवार बिहार के पांच व्यक्ति घायल हो गये. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा घायल बाइक सवारों को मोहुलपहाडी मसीही अस्पताल में भरती कराया. जहां इलाज के क्रम में दोनों की मौत हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आई-10 हुंडई कार नं बीआर 06ए क्यू 1621 तारापीठ से मुजफ्फरपुर जा रही थी. इस दौरान नवपहाड़ के पास अनियंत्रित होकर बाइक नंबर डब्ल्यू बी 54एफ 5393 को चपेट में ले लिया. जिससे बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये. कार सवार मुजफ्फरपुर निवासी राजू सिंह, नितीन कुमार, सोनू सिंह, आशा देवी व सानू देवी भी घायल हो गये हैं. पर कार सवार घायल अवस्था में ही फरार हो गये.
वहीं जामा थाना क्षेत्र के दुमका- देवघर मार्ग पर महारो पुल के समीप एक ट्रक ने एक कार को ठोकर मार दी, जिसके बाद कार 30 फीट नीचे गड्ढे में गिर गयी. इस हादसे में चालक के अलावा एक ही परिवार के दो बच्चे सहित चार लोग घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों में शहर के संजय गुप्ता (45), उनकी पत्नी सुषमा देवी (40) एवं बारह वर्षीय पुत्री स्मृति कुमारी व पांच वर्षीय पुत्र शिवम कुमार शामिल हैं. चालक को भी मामूली चोट आयी है. मिली जानकारी के मुताबिक साहिबगंज जिले के बरहरवा-बरमसिया के रहने वाले और रेलवे में मालदा में पदस्थापित संजय अपने परिवार व ससुर विरेंद्र कुमार के साथ पूजा करने बासुकिनाथ-सिरसानाथ आये थे. बासुकिनाथ धाम से पूजा कर दुमका लौटने के क्रम में यह हादसा हुआ. संजय को ज्यादा चोट लगी है, जबकि पुत्र एवं पत्नी के हाथ में चोट आयी है. घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़ भागने में सफल रहा.कार के चालक लालू कर्मकार ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
इधर दुमका पाकुड़ मुख्य सड़क पर गोपीकांदर इलाके में रांगामिशन के समीप एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गयी. हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. घटना के बाद चालक मौके पर फरार हो गया. उक्त पिकअप वाहन डब्ल्यूबी 65 ए 3515 अमड़ापाड़ा की ओर से तेज गति से दुमका की ओर जा रही थी. इसी दौरान रांगामिशन के निकट वाहन का पिछला पहिया खुलकर अलग हो गया और वाहन असंतुलित होकर पलट गयी, जिससे सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
