बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जयनगर, नूतनडीह में शुक्रवार की शाम करीब सात बजे तालाब में डूबने से पांच वर्षीय आनंद राय की मौत हो गयी. वहीं ग्रामीणों ने छह वर्षीय ऋतिक राय को डूबने से बचा लिया. ऋतिक का इलाज बरवाअड्डा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद गांव में मातम पसर गया, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
नहाने के दौरान तालाब में डूबने लगे दोनों बच्चे
ग्रामीणों के अनुसार, आनंद राय की बहन घर के समीप स्थित तालाब में बर्तन धोने गयी थी. इसी दौरान आनंद राय, ऋतिक राय समेत चार बच्चे तालाब के पास पहुंच गये और नहाने लगे. नहाने के दौरान आनंद और ऋतिक गहरे पानी में चले गये और डूबने लगे.
महिला ने शोर मचाकर लोगों को दी जानकारी
इसी दौरान पास में बकरी चरा रही एक महिला की नजर तालाब में डूब रहे बच्चों पर पड़ी. उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी. आवाज सुनकर रास्ते से गुजर रहे काजल धीवर और बबलू धीवर मौके पर पहुंचे. दोनों ने साहस दिखाते हुए तालाब में उतरकर आनंद और ऋतिक को बाहर निकाला.
अस्पताल पहुंचने पर आनंद को मृत घोषित किया
ग्रामीणों ने घटना की सूचना दोनों बच्चों के परिजनों को दी. इसके बाद परिजन दोनों को इलाज के लिए बरवाअड्डा स्थित निजी अस्पताल ले गये. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आनंद राय को मृत घोषित कर दिया, जबकि ऋतिक राय का इलाज जारी है. आनंद राय मालू राय का पुत्र था, जबकि ऋतिक राय टाइगर राय का पुत्र है. हादसे के बाद आनंद के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
