Dhanbad News: निरसा थाना क्षेत्र के बेनागड़िया स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय के नवम वर्ग के छात्र आयुष टोप्पो (14) की मौत मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. घटना के दूसरे दिन सोमवार को उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर डीइओ अभिषेक झा व निरसा सीओ विक्रम आनंद विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विद्यालय प्रबंधन पर नाराजगी जतायी. कहा कि घटना की जांच के लिए जांच टीम का गठन किया गया है. टीम पूरे मामले की जांच करेगी. इस दौरान डीइओ और सीओ ने विद्यालय में लगा सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी खंगाला. विद्यालय में 500 छात्र-छात्राएं तथा 43 शिक्षक-शिक्षिका एवं वार्डन हैं.
ऊंची चहारदीवारी फांद कर बच्चे कैसे बाहर निकले
डीइओ ने विद्यालय की प्राचार्य उषा कुजूर ने पूछा कि विद्यालय के बच्चे दीवार फांद कर कैसे बाहर निकले. दीवार के ऊपर में कांटेदार तार लगाया है. दो बार विद्यालय की चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ायी गयी है. इससे बच्चों के विद्यालय से बाहर निकलने पर सवाल उठ रहा है.
सुरक्षा व्यवस्था को उठ रहा सवाल
इस घटना से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजाना शाम छह से रात 10 बजे तक विद्यालय के बच्चे बेनागढ़िया मोड़, पगला मोड़ में घूमते देखे जाते हैं. जबकि विद्यालय में ऊंची चहारदीवारी है. बच्चों की सुरक्षा के साथ वार्डन के साथ-साथ सुरक्षा कर्मी हैं.
