बेलगड़िया टाउनशिप में शुरू हुई डाक सेवा, 4000 से अधिक परिवार होंगे लाभान्वित

धनबाद के बेलगड़िया टाउनशिप में नया उप डाकघर शुरू हुआ है। अब 4000 से अधिक विस्थापित परिवारों को डाक, बैंकिंग और बीमा सेवाओं के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

बेलगड़िया टाउनशिप में रहने वाले लोगों के लिए डाक सेवा अब उन तक पहुंच गयी है. धनबाद डाक मंडल ने बेलगड़िया में उप डाकघर शुरू कर दिया है. बेलगड़िया झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्रों से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए विकसित की जा रही बड़ी टाउनशिप है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार यहां अब तक 4000 से अधिक परिवारों को पुनर्वासित किया जा चुका है. इन परिवारों को अब डाक संबंधी कार्यों के लिए बलियापुर, सिंदरी, झरिया और धनबाद का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा

18 हजार से अधिक आवास की पूरी परियोजना

बेलगड़िया पुनर्वास परियोजना का आकार काफी बड़ा है. जानकारी के अनुसार पूरी परियोजना में 18,272 आवास प्रस्तावित हैं. इनमें 16,336 आवास तैयार हो चुके हैं, जबकि करीब 1,900 आवास निर्माणाधीन हैं. ऐसे में भविष्य में टाउनशिप के और सघन होने की संभावना है. इतनी बड़ी आबादी वाले क्षेत्र में स्थानीय डाकघर शुरू होना लोगों के लिए राहतकारी है.

सामंजस्य से बनी राह - जेआरडीए की जगह, डाक विभाग का खर्च

बेलगड़िया में उप डाकघर शुरू करने के लिए जगह झारखंड पुनर्वास विकास प्राधिकरण यानी जेआरडीए ने उपलब्ध करायी. इस जगह को डाक सेवा के लिए तैयार करने का खर्च विभाग ने उठाया. भवन की रंगाई-पुताई से लेकर जरूरी मशीन, उपकरण और कंप्यूटर आधारित प्रणाली स्थापित करने तक का खर्च डाक विभाग ने किया. इससे डाकघर को जल्द सेवा शुरू करने के लिए तैयार किया जा सका.

बलियापुर, सिंदरी, झरिया व धनबाद का चक्कर लगाने से मिली राहत

उप डाकघर शुरू होने से पहले टाउनशिप के लोगों को डाक संबंधी जरूरी काम के लिए बलियापुर, सिंदरी, झरिया व धनबाद जाना पड़ता था. यह बहुत ही श्रमसाध्य व व्ययसाध्य होता था. खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और रोजमर्रा के काम में व्यस्त लोगों को इससे अधिक परेशानी होती थी. अब स्थानीय स्तर पर डाकघर शुरू होने से इस परेशानी से निजात मिलेगी.

डाक के साथ बैंकिंग और बीमा की सुविधा

बेलगड़िया उप डाकघर में केवल डाक संबंधी सुविधा ही नहीं होगी. यहां बैंकिंग, बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा और आधार आधारित सेवाओं समेत डाक विभाग से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी लोगों को मिलेंगी. इससे छोटी-छोटी सेवाओं के लिए बलियापुर या दूसरे डाकघर जाने की जरूरत कम होगी. स्थानीय स्तर पर वित्तीय सेवाएं मिलने से लोगों के लिए बचत और बीमा से जुड़ना भी आसान होगा.

बड़ी टाउनशिप के लिए जरूरी सुविधा

बेलगड़िया में लगातार बढ़ती आबादी और नागरिक सुविधाओं की जरूरत के मद्देनजर उप-डाकघर का आगाज महत्वपूर्ण है. टाउनशिप में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ अब डाक सेवा भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो गयी है. इससे पुनर्वासित परिवारों को रोजमर्रा की सरकारी और वित्तीय सेवाओं तक पहुंच आसान होगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shobhit ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >