धनबाद नगर निगम द्वारा नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से संचालित वृहद विशेष स्वच्छता अभियान जारी है. शुक्रवार को नगर निगम के पांचों अंचलों के वार्ड संख्या-25, वार्ड संख्या-39, वार्ड संख्या-14, वार्ड संख्या-50 एवं वार्ड संख्या-06 में व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. सुबह छह बजे से ही संबंधित वार्डों में नगर निगम के अधिकारियों, सहायक नगर आयुक्तों, नगर प्रबंधकों, स्वच्छता निरीक्षकों, सफाई पर्यवेक्षकों एवं सफाई कर्मियों की उपस्थिति में स्वच्छता कार्य शुरू किया गया. अभियान के दौरान जेसीबी, ट्रैक्टर, टिपर, डंपर, मिनी टिपर, कचरा संग्रहण वाहनों सहित अन्य आवश्यक मशीनरी एवं उपकरणों की सहायता से चिन्हित स्थलों की विशेष सफाई की गयी.
व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार
अभियान के अंतर्गत सड़कों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई, नालियों की गाद निकासी, सड़क किनारे उगी झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई, खुले स्थानों से कचरे एवं मलबे का निष्पादन, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक परिसरों की सफाई तथा जलभराव की संभावित स्थितियों की रोकथाम हेतु आवश्यक सफाई कार्य किये गये. इस दौरान लंबे समय से जमा कचरे एवं मलबे का भी निष्पादन कराया गया, जिससे संबंधित क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ.
लोगाें से सहयोग करने का आग्रह
अभियान के दौरान संबंधित वार्डों के पार्षदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित रह कर स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता बनाये रखने में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया. स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नगर निगम की इस पहल की सराहना की.
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें तथा नगर निगम के साथ मिलकर "स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ धनबाद" के संकल्प को साकार करने में योगदान दें.
