धनबाद. जिले में उर्वरक की निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायतों को लेकर कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. किसानों को तय दर पर खाद उपलब्ध कराने के लिए गठित विशेष जांच टीम लगातार उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण कर रही है. इसी क्रम में 12 सितंबर को टीम ने गोविंदपुर की विभिन्न खाद दुकानों की जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आयीं.
दो दुकानों को कारण बताओ नोटिस
जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर मेसर्स निमाई बीज भंडार और मेसर्स मां दुर्गा बीज भंडार के खिलाफ कार्रवाई की गयी है. दोनों दुकानों को उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की संबंधित धाराओं के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें: डीएमएफटी फंड के 1.34 करोड़ रुपये से धनबाद के सात बांधों का होगा जीर्णोद्धार
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित दुकानों का लाइसेंस निलंबित करने समेत नियमानुसार अन्य कार्रवाई की जायेगी.
आगे भी जारी रहेगी दुकानों की जांच
कृषि विभाग की विशेष टीम जिले में उर्वरक दुकानों की जांच आगे भी जारी रखेगी. विभाग का कहना है कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से दुकानों में खाद की बिक्री, कीमत और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है.
अधिक कीमत और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
विभाग के अनुसार उर्वरक की निर्धारित कीमत से अधिक वसूली, कालाबाजारी या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. विभाग ने उर्वरक विक्रेताओं को नियमों का पालन करने के निर्देश दिये हैं, ताकि किसानों को खाद खरीदने में किसी तरह की परेशानी न हो.
