पूर्वी टुंडी (धनबाद) : ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने शनिवार को पूर्वी टुंडी थाना का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय और पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने थाना में दर्ज मामलों, लंबित कांडों, अनुसंधान की प्रगति और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली.
निरीक्षण के दौरान पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार, अंचल पुलिस निरीक्षक साजिद हुसैन समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
ग्रामीण एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने गंभीर मामलों में तत्परता के साथ कार्रवाई करने और अनुसंधान में तेजी लाने पर जोर दिया.
ये भी पढ़ें: रंजय सिंह हत्याकांड में अब 19 सितंबर को आएगा कोर्ट का फैसला, संजीव सिंह के करीबी माने जाते थे
उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और अपराध की रोकथाम के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया.
आम लोगों से बेहतर समन्वय पर जोर
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने की बात कही. उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता के साथ जनता के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत होना जरूरी है.
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीण एसपी को क्षेत्र की वर्तमान स्थिति और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी.
ग्रामीण एसपी ने पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया. साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध की रोकथाम के लिए लगातार सक्रिय रहने को कहा.
