बाघमारा कोयलांचल में 36 घंटे बाद आई बिजली 2 घंटे में फिर गुल, जानें 50 हजार आबादी क्यों है बेहाल

धनबाद के गणेशपुर में बिजली सब स्टेशन से जुड़े 50 हजार लोग भीषण बिजली संकट झेल रहे हैं. 36 घंटे से बिजली की आंख-मिचौनी के बाद स्थिति बेकाबू हो गई है, जिससे पेयजल संकट भी गहरा गया है. परेशान लोगों ने इंद्रा चौक पर सड़क जाम कर अपना आक्रोश व्यक्त किया है.

धनबाद. कोयलांचल में गणेशपुर विद्युत सब स्टेशन से जुड़े करीब 50 हजार लोग बिजली संकट से बेहाल हैं. शुक्रवार शाम से शुरू हुई बिजली की आंख-मिचौनी के बीच करीब 36 घंटे में कुछ समय के लिए आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन महज दो घंटे बाद फिर बिजली गुल हो गयी. उमस भरी गर्मी में पंखे और कूलर बंद रहने से लोगों को रातभर परेशानी झेलनी पड़ी. बिजली के साथ पेयजल संकट भी गहरा गया. रविवार सुबह दोबारा बिजली गुल होने के बाद लोगों का धैर्य जवाब दे गया. आक्रोशित लोगों ने इंद्रा चौक पर सड़क जाम कर दिया, जिससे चंद्रपुरा-बाघमारा मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया.

शुक्रवार से जारी रही बिजली की आंख-मिचौनी

स्थानीय लोगों के अनुसार शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बिजली गुल हुई. शनिवार शाम 4:20 बजे करीब 23 घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन 4:50 बजे ही दोबारा बिजली चली गयी. रविवार सुबह करीब छह बजे बिजली आयी, लेकिन दो घंटे बाद आठ बजे फिर गुल हो गयी. समाचार लिखे जाने तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई थी.

ये भी पढ़ें: केंदुआ-राजपूत बस्ती सड़क विवाद: विधायक राज सिन्हा ने बीसीसीएल को क्यों दिया 3 दिन का अल्टीमेटम?

लोगों के अनुसार इस दौरान न आंधी आयी, न बारिश और न ही वज्रपात हुआ. इसके बावजूद लंबे समय तक बिजली गुल रहने से आपूर्ति व्यवस्था और खराबी दूर करने की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामूली खराबी को दूर करने में भी घंटों लग जाते हैं.

बच्चे, बुजुर्ग और बीमार सबसे अधिक परेशान

उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं रहने से बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे अधिक परेशान रहे. कई परिवारों ने गर्मी से राहत के लिए छत या घर के बाहर रात बितायी. बिजली पर निर्भर दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का काम भी प्रभावित हुआ.

स्थानीय लोगों ने शिकायत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार फोन करने के बावजूद फोन नहीं उठाने का आरोप लगाया. लोगों ने तत्काल बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने के कारणों की जानकारी देने की मांग की.

बिजली गयी तो पानी की टंकियां भी सूखीं

बिजली आपूर्ति बाधित होने का सीधा असर जलापूर्ति पर पड़ा. घरों में लगी मोटर नहीं चल सकी, जिससे पानी की टंकियां खाली हो गयीं. नहाने, खाना बनाने और अन्य रोजमर्रा के कामों के लिए लोगों को पानी जुटाने में परेशानी हुई. लगातार बिजली संकट के कारण कई परिवारों के सामने बिजली के साथ पानी की समस्या भी खड़ी हो गयी.

सड़क जाम कर जताया आक्रोश

रविवार सुबह दोबारा बिजली गुल होने के बाद आक्रोशित लोगों ने इंद्रा चौक पर सड़क जाम कर दिया. इससे चंद्रपुरा-बाघमारा मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर वाहनों की कतार लग गयी. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने और लंबे समय तक बिजली संकट के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की.

जेइ ने कहा- गड़बड़ी दूर करने का प्रयास जारी

इस संबंध में गणेशपुर सब स्टेशन के कनीय अभियंता (जेइ) सोनू समद ने कहा कि विभाग की टीम गड़बड़ी दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का लगातार प्रयास कर रही है.

ये भी पढ़ें: खराब ट्यूबवेलों की तुरंत होगी मरम्मत, पेयजल विभाग की इस नई योजना से ग्रामीणों को राहत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ranjit singh baghmara

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >