धनबाद में जोरदार आवाज के साथ धंसी जमीन, 30 फीट गहरे गोफ में गिरी भैंस; 4 घंटे चला रेस्क्यू

धनबाद के कतरास स्थित लकड़का में अचानक जमीन धंसने से बड़ा गोफ बन गया, जिसमें एक मवेशी समा गया, जिसे 4 घंटे बाद निकाला गया.

धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र स्थित लकड़का छह नंबर चानक के पास सोमवार अहले सुबह अचानक जमीन धंसने से हड़कंप मच गया. इंद्रदेव कुंभकार के घर के बगल में जोरदार आवाज के साथ जमीन धंसने से करीब 20 से 30 फीट गहरा गोफ बन गया. इस दौरान एक भैंस गोफ में जा गिरी और अंदर फंस गयी.

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये और अपने स्तर से भैंस को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन गोफ काफी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली. इसके बाद घटना की सूचना बीसीसीएल प्रबंधन को दी गयी.

बीसीसीएल और सीआईएसएफ की टीम पहुंची

सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल के अधिकारी और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. इसके बाद गोफ में फंसी भैंस को निकालने के लिए पोकलेन मशीन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

घर के बगल में बना गहरा गोफ, परिवार में दहशत

जमीन धंसने की घटना के बाद इंद्रदेव कुंभकार के परिवार में दहशत का माहौल है. परिजनों का कहना है कि उनका घर रैयती जमीन पर बना हुआ है और घर के ठीक बगल में अचानक 20 से 30 फीट गहरा गोफ बन गया है. ऐसे में उन्हें घर की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है.

परिजनों ने बताया कि उन्हें डर है कि अगर जमीन धंसने का सिलसिला जारी रहा तो कभी भी उनका घर इसकी चपेट में आ सकता है. परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है.

सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग

घटना के बाद प्रभावित परिवार ने बीसीसीएल प्रबंधन से सुरक्षित स्थान पर बसाने की गुहार लगायी है. परिजनों का कहना है कि मौजूदा स्थिति में घर के पास बने गहरे गोफ के कारण वहां रहना जोखिम भरा महसूस हो रहा है.

स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में जमीन धंसने की घटनाओं को लेकर चिंता जतायी है और प्रभावित परिवार की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Umesh prasad srivastava

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >