स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ धनबाद के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से धनबाद नगर निगम का वृहद विशेष स्वच्छता अभियान दसवें दिन भी जारी रहा. पूर्व निर्धारित कार्ययोजना के तहत बुधवार को वार्ड संख्या 18, 29 और 30 में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किये.
मशीनों की मदद से हुई व्यापक सफाई
सुबह से ही नगर निगम के अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, स्वच्छता निरीक्षक, सफाई पर्यवेक्षक और सफाईकर्मी अभियान में जुटे रहे. जेसीबी, ट्रैक्टर, टिपर, डंपर, मिनी टिपर और कचरा संग्रहण वाहनों की मदद से चिह्नित स्थलों की सफाई करायी गयी. लंबे समय से जमा कचरे और मलबे को हटाकर उसका उचित निष्पादन भी किया गया.
नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई
अभियान के तहत सड़कों और गलियों की विशेष सफाई की गयी. नालियों से गाद निकालकर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया. वहीं सड़क किनारे उगी झाड़ियों और अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई भी करायी गयी. सार्वजनिक स्थलों और बाजार क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया.
जलभराव रोकने के लिए उठाये गये कदम
बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव की संभावित समस्या से निबटने के लिए भी आवश्यक कदम उठाये गये. नालियों की सफाई और अवरोध हटाने के कार्य को प्राथमिकता दी गयी, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
पार्षदों ने किया निरीक्षण
अभियान के दौरान संबंधित वार्डों के पार्षद और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. उन्होंने सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाये रखने की अपील की. लोगों से कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने का आग्रह किया गया.
जनभागीदारी से ही सफल होगा अभियान
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि नगर निगम लगातार शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है, लेकिन इसके लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है. उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने और साफ-सफाई के प्रति जागरूक रहने की अपील की. नगर आयुक्त ने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही ‘स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ धनबाद’ के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
