धनबाद. दुर्गापूजा को लेकर शहर में बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की कवायद शुरू हो गयी है. झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने शहरी क्षेत्र में ऊपर से गुजर रहे जर्जर और झूलते बिजली तारों के मेंटेनेंस का काम शुरू कर दिया है. पूजा के दौरान पंडालों और प्रमुख पूजा स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए बिजली लाइनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
अभियान के तहत 11 केवी और एलटी लाइनों की जांच कर जर्जर तारों को दुरुस्त किया जा रहा है. जहां एलटी तार अधिक झूल रहे हैं या पुराने हो चुके हैं, वहां उन्हें हटाकर केबल लगाने का काम किया जा रहा है. विभाग का उद्देश्य पूजा स्थलों के आसपास बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाना और लटकते तारों से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है.
11 केवी लाइन के नीचे लगेगी सुरक्षा जाली
जेबीवीएनएल अधिकारियों के अनुसार, प्रमुख दुर्गापूजा पंडालों के आसपास से गुजरने वाली 11 केवी लाइनों के नीचे सुरक्षा जाली लगायी जायेगी. इसके अलावा जिन स्थानों पर बिजली तारों की ऊंचाई कम है या लाइन जर्जर स्थिति में है, वहां आवश्यक मरम्मत करायी जा रही है.
पूजा पंडालों के आसपास बिजली लाइनों की स्थिति की जांच कर सुरक्षा के लिहाज से आवश्यक कार्य चिह्नित किये जा रहे हैं. एलटी लाइनों में भी जरूरत के अनुसार केबलिंग की जा रही है.
मेमको मोड़ से हीरापुर तक चला अभियान
मेंटेनेंस अभियान के तहत मेमको मोड़ से सिटी सेंटर तक तथा सरायढेला के गोल बिल्डिंग से पुलिस लाइन होते हुए हीरापुर तक जर्जर तारों को दुरुस्त किया गया है. कई स्थानों पर पुराने तारों को बदलकर नये तार लगाने और 11 केवी लाइनों के नीचे सुरक्षा जाली लगाने की योजना है.
विभाग की ओर से एलटी लाइनों को भी चिह्नित किया गया है. जहां आवश्यकता है, वहां तारों को हटाकर केबल लगाने का काम किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, दुर्गापूजा से पहले सभी चिह्नित स्थानों पर मेंटेनेंस और सुरक्षा संबंधी कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
15 से 20 दिनों में काम पूरा करने का लक्ष्य
जेबीवीएनएल के अधिकारियों ने बताया कि मेंटेनेंस और सुरक्षा से जुड़े चिह्नित कार्यों को करीब 15 से 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. पूजा के दौरान पंडालों के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है.
ये भी पढ़ें: VIDEO : धनबाद कृषि बाजार में सुबह-सुबह हादसा. पिकअप वैन की टक्कर से मजदूर की मौत, दो घंटे तक ठप रहा रास्ता
