SNMMCH समेत झारखंड के 5 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में बहाली, 2 लाख मानदेय के लिए 21 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

स्वास्थ्य विभाग ने झारखंड के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सह-प्राध्यापकों के 53 रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है. 21 सितंबर को रिम्स, रांची में वॉक-इन इंटरव्यू होगा, जिसमें 2 लाख रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा.

धनबाद. राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. विभाग ने एसएनएमएमसीएच धनबाद समेत झारखंड के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अकादमिक संवर्ग के रिक्त सह-प्राध्यापक (एसोसिएट प्रोफेसर) के 53 पदों पर संविदा आधारित नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है. इन पदों के लिए 21 सितंबर को रिम्स, रांची में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जायेगा.

मेडिसिन में सर्वाधिक नौ पद रिक्त

जारी विज्ञापन के अनुसार मेडिसिन विभाग में सर्वाधिक नौ पद रिक्त हैं. इसके अलावा रेडियोलॉजी में छह, रेडियोथेरेपी में पांच, एनाटोमी में चार, नेत्र रोग में चार, निश्चेतना में चार, पैथोलॉजी में तीन, सर्जरी में तीन तथा चर्म एवं रति रोग विभाग में तीन पद हैं. वहीं फिजियोलॉजी, अस्थि रोग, ईएनटी और फिजिकल मेडिसिन एंड रिहेबिलिटेशन विभाग में दो-दो पद रिक्त हैं. बायोकेमेस्ट्री, शिशु रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा टीबी एंड चेस्ट विभाग में एक-एक पद पर नियुक्ति की जायेगी.

ये भी पढ़ें: पुलिस ने घेरा तो भागने लगा शिबू, अचानक निकली 9mm पिस्टल और फिर...

दो लाख रुपये प्रतिमाह मिलेगा मानदेय

संविदा पर नियुक्त सह-प्राध्यापकों को दो लाख रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जायेगा. विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इसके अतिरिक्त किसी प्रकार का भत्ता या अन्य सुविधा देय नहीं होगी. नियुक्ति अधिकतम दो वर्ष अथवा नियमित नियुक्ति या प्रोन्नति होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी. सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित की गयी है. प्रदर्शन संतोषजनक रहने पर वित्त विभाग की सहमति से एक-एक वर्ष का सेवा विस्तार भी दिया जा सकेगा.

21 सितंबर को रिम्स में होगा इंटरव्यू

विभाग के अनुसार 21 सितंबर को सुबह 10.30 बजे रिम्स, रांची के प्रशासनिक भवन में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित होगा. अभ्यर्थियों को एनएमसी/पूर्व एमसीआई द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव से संबंधित मूल प्रमाणपत्रों के साथ उनकी स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी. दस्तावेजों की जांच के बाद चयन समिति विभागवार रिक्तियों के विरुद्ध अभ्यर्थियों की अनुशंसा करेगी.

12 बैकलॉग पदों पर भी होगी नियुक्ति

विभाग ने सह-प्राध्यापक के बैकलॉग पदों को भरने के लिए भी अलग विज्ञापन जारी किया है. इसके तहत कुल 12 पदों पर संविदा आधारित नियुक्ति की जायेगी. इनमें निश्चेतना विभाग में तीन पद, पीएसएम, मनोरोग और दंत विभाग में दो-दो पद तथा माइक्रोबायोलॉजी, फार्माकोलॉजी और नेत्र विभाग में एक-एक पद शामिल हैं.

विभाग ने मेडिकल कॉलेजवार पदों का ब्योरा जारी नहीं किया है. हालांकि स्पष्ट किया गया है कि धनबाद, जमशेदपुर, दुमका, पलामू और हजारीबाग के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आवश्यकता के अनुसार इन पदों पर नियुक्तियां की जायेंगी. बैकलॉग पदों के लिए चयनित सह-प्राध्यापकों को भी दो लाख रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा तथा उनका इंटरव्यू भी 21 सितंबर को रिम्स, रांची में आयोजित किया जायेगा.

ये भी पढ़ें: धनबाद के छाताबाद में फिर भू-धंसान, जोरदार आवाज के साथ धंसी जमीन, एक दर्जन घर क्षतिग्रस्त

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vicky Prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >