झरिया और टुंडी सीएचसी में चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों में बदलाव किया है. लापरवाही की शिकायतों के बाद सीएस डॉ आलोक विश्वकर्मा ने दोनों केंद्रों के प्रभारी बदलने का आदेश जारी किया है.
विभागीय फेरबदल के बाद अब झरिया सीएचसी की कमान डॉ कुमार गौतम को सौंपी गयी है, जबकि टुंडी सीएचसी का नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार को बनाया गया है.
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुमार गौतम इससे पहले सदर अस्पताल परिसर स्थित एमएनसीयू में चिकित्सा पदाधिकारी थे. उन्हें अब झरिया सीएचसी का प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किया गया है.
झरिया सीएचसी के वर्तमान प्रभारी डॉ मिहिर कुमार को प्रभारी पद से मुक्त कर दिया गया है. उन्हें सीएचसी में चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में अपनी सेवा देने को कहा गया है.
हटाये गये टुंडी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
इसी तरह टुंडी सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्रवण कुमार को भी प्रभारी पद से हटा दिया गया है. उनकी जगह डॉ अशोक कुमार को नया एमओआइसी नियुक्त किया गया है. दोनों स्वास्थ्य केंद्रों में हुए इस प्रशासनिक बदलाव के बाद नये प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों पर अस्पताल की व्यवस्था, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और विभागीय कार्यों के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी होगी.
चिकित्सा व प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद
स्वास्थ्य विभाग के इस फेरबदल को झरिया और टुंडी सीएचसी की कार्यप्रणाली में सुधार की कवायद के रूप में देखा जा रहा है. अधिकारियों को उम्मीद है कि नये प्रभारियों के नेतृत्व में अस्पतालों की चिकित्सा एवं प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी हो सकेगी और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
