गोमो फ्लाईओवर परियोजना के लिए तोपचांची अंचल के रामाकुंडा और महथाडीह मौजा में कुल 2.9978 एकड़ निजी जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. भू-अर्जन निदेशालय की ओर से गुरुवार को इस संबंध में अधिघोषणा जारी की गयी. इसमें रामाकुंडा की 2.1378 एकड़ और महथाडीह की 0.8600 एकड़ जमीन शामिल है.
रामाकुंडा में 2.1378 एकड़ जमीन होगी अधिग्रहित
अधिघोषणा के अनुसार रामाकुंडा मौजा में थाना नंबर 54 के अंतर्गत विभिन्न निजी जमीन परियोजना के लिए अर्जित की जायेगी. अलग-अलग खाता और भूखंड संख्या के आधार पर अधिग्रहण योग्य रकबा निर्धारित किया गया है. इसमें कनाली, गौड़ा, बाईद और परती समेत विभिन्न प्रकार की भूमि शामिल हैं.
महथाडीह की 0.86 एकड़ जमीन भी दायरे में
महथाडीह मौजा में थाना नंबर 55 के तहत कुल 0.8600 एकड़ निजी जमीन अधिग्रहण के दायरे में ली गयी है. इसमें अलग-अलग खाता और भूखंड संख्या वाली नौ जमीनें शामिल हैं.
इनका रकबा 0.09, 0.02, 0.04, 0.05, 0.11, 0.12, 0.25, 0.055 और 0.125 एकड़ है. अधिघोषणा में संबंधित रैयतों के नाम के साथ जमीन की सीमाओं का भी विवरण दिया गया है.
आपत्तियों की सुनवाई के बाद आगे बढ़ी प्रक्रिया
विभागीय अधिघोषणा के अनुसार हितबद्ध व्यक्तियों की आपत्तियों की सुनवाई और अधिनियम-30/2013 की धारा 15 के तहत निर्धारित जांच के बाद अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ायी गयी है. अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित प्रावधान भी अधिघोषणा में शामिल किये गये हैं.
जिला भूमि अर्जन पदाधिकारी के कार्यालय में देख सकेंगे योजना
अधिघोषणा के अनुसार भूमि योजना का निरीक्षण जिला भूमि अर्जन पदाधिकारी, धनबाद के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में किया जा सकता है. पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन योजना (आर एंड आर प्लान) का सार भी अधिसूचना में दिया गया है.
गोमो फ्लाईओवर को सार्वजनिक प्रयोजन की परियोजना बताते हुए इसके लिए आवश्यक निजी भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गयी है.
