धनबाद से प्रतीक पोपट
Dhanbad: धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में चल रहे मेले के दौरान अवैध पार्किंग शुल्क वसूली का मामला सामने आया है. इस पर धनबाद नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए मेला आयोजक पर जुर्माना लगाने की तैयारी शुरू कर दी है. मेयर संजीव सिंह ने स्पष्ट कहा है कि निगम क्षेत्र में पार्किंग शुल्क वसूलने का अधिकार केवल नगर निगम के पास है और बिना अनुमति की जा रही वसूली पूरी तरह अवैध है.
साफ-सफाई की भी हुई जांच
नगर निगम की जांच टीम ने मेले में पहुंचकर मामले की पड़ताल की, जहां पार्किंग शुल्क वसूल रहे लोगों ने भी स्वीकार किया कि उन्हें निगम से कोई अनुमति नहीं मिली है. मेयर ने कहा कि पिछले वर्ष भी इसी तरह के मामले में आयोजक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था और इस बार भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं मेले में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन की शिकायतों की भी जांच की जा रही है.
बिना अनुमति पार्किंग वसूलना गैर कानूनी
मेयर संजीव सिंह ने साफ कहा है कि नगर निगम की अनुमति के बिना किसी भी संस्था या व्यक्ति को पार्किंग शुल्क वसूलने का अधिकार नहीं है. निगम ने अवैध वसूली और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के मामले को गंभीरता से लेते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की बात कही है. निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें…
बाघमारा में हाईवा की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे, युवक की मौत के बाद नौ घंटे तक सड़क जाम
धनबाद में भीषण सड़क हादसा, इलाज के लिए ले जाते वक्त युवक ने तोड़ा दम
